Seraikela Kharsawan News : घायल पशुपालक की मौत, मुआवजे को किया चक्का जाम

ट्रक पर खतरनाक तरीके से लदे लोहे ने ली जान, चाय पीकर निकलते समय हुआ हादसा

राजनगर. राजनगर प्रखंड के गमदेसाई निवासी और क्षेत्र के प्रसिद्ध अनुभवी पशु चिकित्सक रातु हांसदा (62) का बुधवार रात रांची स्थित रिम्स में निधन हो गया. 16 अप्रैल को सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे राजनगर में शोक की लहर दौड़ गई और स्थानीय दुकानदारों ने सम्मान में अपनी दुकानें स्वतः बंद रखीं.

घटना 16 अप्रैल की शाम करीब सात बजे की है. जानकारी के अनुसार रातु हांसदा राजनगर स्थित तारा होटल में चाय पीकर बाहर निकले ही थे कि चाईबासा की ओर जा रहे एक ट्रक से बाहर निकली लोहे की चादर उनके सिर से टकरा गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे वहीं गिरकर लहूलुहान हो गये. स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें एमजीएम (जमशेदपुर) और फिर टीएमएच रेफर किया गया. स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें रिम्स रांची ले जाया गया. यहां इलाज के दौरान बुधवार रात में मौत हो गयी. रातु हांसदा पशुपालक होने के साथ-साथ एक कुशल पशु चिकित्सक के रूप में क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे.

10 लाख मुआवजे की मांग, सड़क पर रखा शव :

गुरुवार को शव रांची से राजनगर पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. ग्रामीणों ने सिदो-कान्हू चौक पर शव को बीच सड़क पर रखकर जाम कर दिया. आक्रोशित ग्रामीण मृतक के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे थे. जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा और बीडीओ मलय कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने और वार्ता का प्रयास किया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी है और वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >