खरसावां : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में लापरवाही बरतने वाले लाभुकों पर अब प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. बुधवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के जिला समन्वयक मो सरफराज ने खूंटपानी प्रखंड के बाइहातु गांव में आवास निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया. निरीक्षण में कई ऐसे लाभुक मिले, जिन्होंने पहली किस्त की राशि मिलने के बाद आवास का निर्माण केवल पिलिंथ स्तर तक कराकर छोड़ दिया है. जबकि योजना के प्रावधान के अनुसार पहली किस्त के बाद विंडो सिल स्तर तक निर्माण पूरा किया जाना था.
पहली किस्त मिलने के बाद भी नहीं शुरू हुआ निर्माण कार्य
कुछ लाभुकों ने पहली किस्त मिलने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू तक नहीं किया है. जिला समन्वयक ने सभी संबंधित लाभुकों को अगले 15 दिनों के भीतर आवास निर्माण शुरू कर प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही समयबद्ध तरीके से आवास पूरा करने के लिए प्रेरित किया.
ग्राम सभा आयोजित करने का अनुरोध
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण मुंडा और वार्ड सदस्य से भी मुलाकात कर एक-दो दिनों में ग्राम सभा आयोजित करने का अनुरोध किया गया. ग्राम सभा के माध्यम से चिन्हित लाभुकों को जल्द निर्माण शुरू करने और निर्धारित स्तर तक काम पूरा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा. मौके पर प्रखंड समन्वयक मुरलीधर महतो भी मौजूद थे.
