चांडिल | पितकी रेलवे फाटक पर जाम से स्थायी राहत का इंतजार कर रहे लोगों की परेशानी एक बार फिर बढ़ गयी है. जिस रेलवे ओवरब्रिज के चालू होने का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है, उसकी डेडलाइन चार बार बढ़ चुकी है, लेकिन अब तक ओवरब्रिज चालू नहीं हो सका है. इधर, पिछले दो दिनों से लगातार ट्रेनों की आवाजाही के कारण पितकी रेलवे फाटक बार-बार बंद हो रहा है. शनिवार दोपहर से रविवार तक फाटक के दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा और छोटे-बड़े हजारों वाहन घंटों फंसे रहे.
फाटक बंद होते ही थम जाती है सड़क, 2 KM तक लगती है वाहनों की कतार
पितकी रेलवे फाटक पर ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होते ही सड़क पर वाहनों की कतार लग जाती है. शनिवार दोपहर से रविवार तक रावताड़ा की ओर करीब दो किलोमीटर और दूसरी तरफ नीमडीह के लुपुंगडीह तक लगभग दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही. फाटक खुलने के बाद भी जाम से तुरंत राहत नहीं मिलती. वाहनों का दबाव इतना अधिक रहता है कि एक बार में कुछ ही भारी वाहन आगे निकल पाते हैं. इसी बीच दूसरी ट्रेन आने पर फाटक फिर बंद हो जाता है और जाम की लंबाई लगातार बढ़ती जाती है.
चार बार बढ़ी डेडलाइन, ओवरब्रिज फिर भी इंतजार में
पितकी रेलवे ओवरब्रिज को चालू करने की पहली समयसीमा 31 मार्च 2026 तय की गयी थी. काम पूरा नहीं होने पर दूसरी डेडलाइन 15 जून, तीसरी 31 जुलाई और इसके बाद अगस्त के पहले सप्ताह तक ओवरब्रिज चालू करने का लक्ष्य रखा गया. अगस्त का पहला सप्ताह भी गुजर चुका है, लेकिन ओवरब्रिज अब तक चालू नहीं हुआ है. ऐसे में लोगों का इंतजार और बढ़ गया है.
पितकी रेलवे ओवरब्रिज की डेडलाइन
पहली डेडलाइन: 31 मार्च 2026, दूसरी डेडलाइन: 15 जून 2026, तीसरी डेडलाइन: 31 जुलाई 2026 व चौथी डेडलाइन: अगस्त का पहला सप्ताह
बारिश से निर्माण कार्य प्रभावित
ओवरब्रिज का निर्माण करा रही कंपनी के अनुसार लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है. बारिश की वजह से कई काम समय पर नहीं हो पा रहे हैं. कंपनी का कहना है कि यदि दो-चार दिन लगातार बारिश नहीं होती है, तो ओवरब्रिज चालू होने की संभावना है. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में पहले से ही देरी होती रही है. इसका सीधा असर उन्हें रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम के रूप में झेलना पड़ रहा है.
टाटा-पुरुलिया-धनबाद मार्ग का अहम फाटक, रोज गुजरते हैं हजारों वाहन
टाटा-पुरुलिया-धनबाद मार्ग पर चांडिल रेलवे जंक्शन के समीप स्थित पितकी रेलवे फाटक क्षेत्र के सबसे व्यस्त फाटकों में शामिल है. इस रेल मार्ग से आद्रा और रांची रेल मंडल की मालगाड़ियों के अलावा पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों की लगातार आवाजाही होती है. ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होते ही सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. रोजाना इस मार्ग से चार हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहनों के गुजरने का अनुमान है, जिनमें बड़ी संख्या मालवाहक ट्रकों की है.
मंत्री के निर्देश के बाद भी नहीं बदली तस्वीर
पितकी रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण समय पर पूरा कराने को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रेलवे और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ समीक्षा भी की थी. उन्होंने जुलाई के अंत तक हर हाल में ओवरब्रिज चालू कराने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद ओवरब्रिज चालू नहीं हो सका. लगातार डेडलाइन बढ़ने और दूसरी ओर रेलवे फाटक पर बढ़ते जाम से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. अब लोगों की नजर इस बात पर है कि आखिर पितकी ओवरब्रिज कब चालू होगा और उन्हें रोज-रोज के जाम से कब स्थायी राहत मिलेगी.
