खरसावां: राज्य के विभिन्न जिलों में पदस्थापित नव नियुक्त सहायक आचार्यों को लंबे इंतजार के बाद बकाया वेतन मिलने की उम्मीद जगी है. कई सहायक आचार्य आठ से 11 माह पूर्व योगदान देने के बावजूद अब तक महज चार माह का ही वेतन प्राप्त कर सके हैं. इस मामले को खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने विधानसभा में उठाया.
इसके जवाब में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने बकाया वेतन भुगतान को लेकर निर्देश जारी किये जाने की जानकारी दी है. विधायक ने सरकार से पूछा था कि राज्य के विभिन्न जिलों में पदस्थापित नव नियुक्त सहायक आचार्यों के वेतन भुगतान को लेकर प्राथमिक शिक्षा निदेशक द्वारा 8 जून 2026 को निर्देश जारी किया गया है या नहीं. सरकार ने इसके जवाब में इसे स्वीकार करते हुए कहा कि इस संबंध में निर्देश जारी किया गया है.
8 से 11 माह से लंबित है वेतन
विधायक दशरथ गागराई ने अपने प्रश्न में कहा कि कई सहायक आचार्यों ने आठ से 11 माह पूर्व योगदान किया है, लेकिन उन्हें अब तक केवल चार माह का वेतन ही दिया गया है. उन्होंने योगदान की तिथि से लंबित वेतन के भुगतान को लेकर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की. लिखित जवाब में विभाग ने बताया कि प्राथमिक शिक्षा निदेशक के पत्रांक 1175, दिनांक 13 जुलाई 2026 के माध्यम से नव नियुक्त सहायक आचार्यों के बकाया वेतनादि के भुगतान के संबंध में निर्देश निर्गत किया गया है. विभाग के इस जवाब के बाद लंबे समय से बकाया वेतन की प्रतीक्षा कर रहे सहायक आचार्यों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गयी है.
महीनों से सेवा दे रहे, भुगतान का इंतजार
नव नियुक्त सहायक आचार्यों की नियुक्ति के बाद वेतन भुगतान में देरी का मामला लगातार सामने आता रहा है. कई शिक्षक महीनों से विद्यालयों में अपनी सेवा दे रहे हैं, लेकिन उन्हें योगदान की अवधि के अनुरूप वेतन नहीं मिल पाया है.
विधानसभा में मामला उठने के बाद अब बकाया भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है. विधायक दशरथ गागराई ने सरकार से लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लंबे समय से वेतन की प्रतीक्षा कर रहे सहायक आचार्यों को राहत मिल सके.
