सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News: खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा मंगलवार को तीन दिन के खरसावां दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने सरायकेला परिसदन में कई सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में उन्होंने पीएचईडी, आरईओ, बिजली, शिक्षा और गव्य विकास विभाग के कामकाज पर नाराजगी जताई. सांसद ने कहा कि कई योजनाएं सही तरीके से नहीं चल रही हैं और आम लोगों तक उनका फायदा नहीं पहुंच रहा है. उन्होंने खरसावां जलापूर्ति योजना में देरी और गोंडामारा और मरांगहातु जैसी जगहों पर पानी की समस्या पर चिंता जताई. जल जीवन मिशन की योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर उन्होंने जांच के आदेश दिए. इसके अलावा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में देरी पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को काम तेज करने को कहा. बिजली विभाग को नियमित और सही वोल्टेज में बिजली देने के निर्देश दिए गए. सांसद ने कहा कि सभी विकास योजनाएं समय पर और साफ तरीके से पूरी होनी चाहिए, जिससे इसका लाभ सीधे लोगों तक पहुंचे. उन्होंने लंबित काम जल्द पूरा करने और जिम्मेदारी से काम करने को भी कहा.
कुचाई में बनेगा अत्याधुनिक पुस्तकालय भवन
खरसावां और कुचाई में सांसद ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. उन्होंने क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी भी ली. इस दौरान सांसद ने कुचाई में जल्द ही सभी सुविधाओं से युक्त एक पुस्तकालय भवन बनाने की घोषणा की. इसके लिए उन्होंने सीओ और बीडीओ के साथ प्रस्तावित जगह का निरीक्षण भी किया. उन्होंने बताया कि नए पुस्तकालय में कंप्यूटर और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए जरूरी सभी किताबें उपलब्ध कराई जाएगी. दौरे के दौरान उन्होंने कुचाई में मनरेगा से बन रहे कुएं का भी निरीक्षण किया.
कुचाई प्रखंड कार्यालय में मानकी मुंडाओं के साथ की बैठक
सांसद काली चरण मुंडा ने कुचाई प्रखंड सभागार में क्षेत्र के मानकी-मुंडा, ग्राम प्रधान समेत क्षेत्र के लोगों के साथ बैठक की. लोगों की समस्याओं को सुना. बैठक में सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों ने पीने की पानी की समस्या के प्रतिसांसद का ध्यान आत्कृष्ठ कराया. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत बने अधिकांश जलापूर्ति योजनाओं के खराब होने तथा बार बार शिकायत के बावजूद मरम्मति नहीं होने की शिकायत की. बैठक में ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं की ओर भी सांसद का ध्यान दिलाया. इस दौरान मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष राज बागची, जगबंधु महतो, कोंदो कुंभकार, मानसिंह मुंडा, साजिद हुसैन, मो भुट्टो, शंकर लोवादा, हरि महतो, रामचंद लौहार, गोवर्धन गागराई, मंगल सिंह हांसदा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: भीषण सड़क हादसे में एयर फोर्स के जवान की दर्दनाक मौत, हैदराबाद से बेटी को देखने आए थे गांव
यह भी पढ़ें: झारखंड ट्रेजरी स्कैम: 31.47 करोड़ की अवैध निकासी, DSP से लेकर सिपाही तक ने एक ही माह में 2-2 बार उठाया वेतन
