चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बायपास सड़क स्थित भालुककोचा के यदुवंशी होटल में गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के समय होटल में कई लोग नाश्ता कर रहे थे. अचानक आग की लपटें उठती देख ग्राहकों और होटल के कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई. सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए तत्काल होटल से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
लोगों ने किया आग बुझाने का प्रयास
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और होटल मालिक के साथ मिलकर चापाकल तथा मोटर के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया. हालांकि आग इतनी तेज थी कि स्थानीय लोगों के प्रयास सफल नहीं हो सके.
जल गया सारा समान
इसके बाद घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गई. काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया. हालांकि तब तक होटल में रखा फर्नीचर, खाद्य सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया. आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होटल के गैस सिलेंडर में किसी कारणवश आग लगने की आशंका जताई जा रही है.
हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद काफी देर तक होटल के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
