सरायकेला खरसावां : उपायुक्त के निर्देश पर पंचायत भवन में जांच और परीक्षा, ये दस्तावेज लाना अनिवार्यखरसावां. जिला परिवहन कार्यालय की ओर से आम जनता की सुविधा के लिए प्रखंडवार लर्नर लाइसेंस शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इसी कड़ी में आगामी 13 जुलाई को खरसावां प्रखंड की पंचायत भवन में एक विशेष शिविर लगाया जाएगा. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस शिविर में उन अभ्यर्थियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिन्होंने पहले से ही ऑनलाइन स्लॉट बुक करा रखा है.
इन पंचायतों के आवेदक ले सकेंगे भाग
विशेष शिविर में खरसावां प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के आवेदक शामिल हो सकेंगे. जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार, हरिभंजा, बिटापुर, चिलगू, रिडिंग, बुरुडीह, शिमला, खरसावां, जोजोडीह के आवेदक शामिल हो सकेंगे. इन सभी पंचायतों के जिन आवेदकों ने ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया है, वे इस शिविर का लाभ उठा सकते हैं. शिविर स्थल पर आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदनों की जांच और निर्धारित नियमों के तहत लर्नर लाइसेंस परीक्षा होगी.
साथ लाएं ये जरूरी दस्तावेज
जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी योग्य आवेदकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर शिविर स्थल पर अवश्य पहुंचें. अभ्यर्थियों को अपने साथ ऑनलाइन आवेदन की कॉपी, स्लॉट बुकिंग की कॉपी, पहचान व पते के प्रमाण के लिए सरकारी पहचान पत्र (जैसे आधार की फोटोकॉपी), आवेदन प्रक्रिया में उल्लेखित अन्य सभी जरूरी ओरिजिनल और छायाप्रति दस्तावेज लेकर जरूर आएं.
ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने और सड़क सुरक्षा की अपील
परिवहन विभाग ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि वे विभाग द्वारा दी जा रही ऑनलाइन सेवाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं. लर्नर और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए तय प्रक्रिया के तहत ही ऑनलाइन आवेदन और स्लॉट बुकिंग कराएं. इसके साथ ही, जिला परिवहन कार्यालय ने सभी वाहन चालकों से जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की है. विभाग ने कहा कि हमेशा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाएं, यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके.
