खरसावां: खरसावां थाना परिसर स्थित थाना प्रभारी के चैंबर में सोमवार सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी. घटना में विभिन्न मामलों से संबंधित कई महत्वपूर्ण फाइल, दस्तावेज और कागजात जलकर राख हो गये. घटना सुबह करीब 8 से 8.30 बजे के बीच की बतायी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह थाना प्रभारी के चैंबर में लगे सीसीटीवी के टीबीआर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया. इसके बाद उसमें आग लग गयी. देखते ही देखते चैंबर में धुआं भर गया और आग ने सीसीटीवी मॉनिटर के साथ आसपास रखी विभिन्न मामलों की फाइलों, दस्तावेजों और अन्य कागजात को अपनी चपेट में ले लिया.
आग लगने की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी राहुल सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी आग बुझाने में जुट गये. पुलिसकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान कुछ दस्तावेज और अभिलेखों को बचा लिया गया, लेकिन आग में चैंबर में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कागजात जल गये. घटना के बाद कुछ देर के लिए थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
किन-किन मामलों से संबंधित दस्तावेज आग में जले हैं, इसका आकलन किया जा रहा है. वहीं, आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है.
