खरसावां. खरसावां विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़क संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में विधायक दशरथ गागराई ने पहल की है. विधायक ने पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र लिखकर विधानसभा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों को पथ निर्माण विभाग में शामिल करते हुए निर्माण की अनुशंसा की है.
विधायक ने कहा है कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की बड़ी आबादी को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क मुख्य मार्गों से मजबूत होगा. विधायक की ओर से लिखे गये पत्र में पहली सड़क छोटाबांबो से खरसावां भाया बलियाटांड़, गीतिलता, जामडीह, चिरुडीह, छोटा चाकड़ी, दलाईकेला व पदमपुर तक को आरसीडी पथ में शामिल करने की अनुशंसा की है. इस सड़क की लंबाई करीब 18 किलोमीटर है. सड़क निर्माण होने से इन गांवों के ग्रामीणों को खरसावां आने-जाने में सुविधा होगी.
35 किमी सड़क के निर्माण की भी मांग
विधायक ने दूसरी सड़क नहर किनारे से उलिराजाबासा, पोटोबेड़ा, जामडीह, पालुडीह, रेंगाडीह, कुड़ीयामार्ची, डीबरडीह होते हुए कुचाई थाना चौक तक के निर्माण की अनुशंसा की है. प्रस्तावित सड़क की लंबाई करीब 35 किलोमीटर है. यह मार्ग चाईबासा, मनोहरपुर एवं सरायकेला-खरसावां पथ प्रमंडल के अधीन आने वाले क्षेत्रों से जुड़ा है.
जर्जर सड़कों से ग्रामीणों को होती है परेशानी
वर्तमान में दोनों ग्रामीण मार्गों की स्थिति कई स्थानों पर खराब है. बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और खराब होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है. ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय, बाजार, अस्पताल, विद्यालय एवं अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. सड़कों को आरसीडी में शामिल कर निर्माण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही कृषि, व्यापार एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
