बड़ाबाम्बो. गणेश पूजा के अवसर पर खरसावां प्रखंड के जोरडीहा पंचायत अंतर्गत छोटाबाम्बो गांव में सोमवार की रात लोक संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली. गांव में आयोजित सांस्कृतिक झूमर कार्यक्रम में बंगाल की प्रसिद्ध झूमर गायिका शकुंतला महतो और गायक बोनमाली महतो ने अपनी प्रस्तुतियों से देर रात तक समां बांधे रखा. कलाकारों ने एक से बढ़कर एक पारंपरिक झूमर गीत प्रस्तुत किए, जिसका ग्रामीणों ने जमकर आनंद लिया.
झूमर की धुन पर देर रात तक थिरकते रहे ग्रामीण
झूमर की मधुर धुन और लोक संगीत की लय पर कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीण देर रात तक थिरकते रहे. कलाकारों की हर प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा माहौल गूंजता रहा. गणेश पूजा के धार्मिक उत्साह के बीच आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ने ग्रामीणों को मनोरंजन के साथ अपनी लोक परंपरा से भी जोड़े रखा.
आसपास के गांवों से भी पहुंचे बड़ी संख्या में लोग
कार्यक्रम में छोटाबाम्बो के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. देर रात तक चली झूमर की महफिल में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना. आयोजन का उद्देश्य पारंपरिक लोक कला और संस्कृति को बढ़ावा देना भी रहा.
कार्यक्रम को सफल बनाने में कुमार सानू महतो, विजय महतो, आकाश महतो, उजीत महतो, अजय महतो, संजय महतो, ऋषिकेश महतो, आनंद महतो, कमल महतो, गौरांग महतो, चुमन महतो, बाबूलाल महतो समेत अन्य ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा.
