खरसावां. खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के नए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण किया. उन्होंने डॉ. विरांगना सिंकू से प्रभार लिया. डॉ. विरांगना सिंकू का स्थानांतरण राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में किया गया है.
कार्यभार संभालने के बाद की समीक्षा बैठक
कार्यभार संभालने के बाद डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू ने सीएचसी के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आम लोगों तक पहुंचाया जाए और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए.
उन्होंने अस्पताल में 24 घंटे डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार करने पर विशेष जोर दिया. डॉ. मुर्मू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.
