कपाली: बंद पड़े ईंट भट्ठे में लाखों की चोरी, छत की टिन उखाड़कर मशीनरी पार्ट्स ले उड़े चोर

पूछताछ के लिए पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया

चांडिल.

कपाली ओपी क्षेत्र के हांसाडुगरी स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्ठे में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के कीमती मशीनरी उपकरण और अन्य सामानों पर हाथ साफ कर दिया है. इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

एक साल से बंद था काला ईंट भट्ठा, सूनेपन का उठाया फायदा

जानकारी के अनुसार, हांसाडुगरी स्थित काला ईंट भट्ठा पिछले करीब एक साल से बंद पड़ा हुआ था. भट्ठे के इसी सूनेपन और बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात इस वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने पहले भट्ठे की छत पर लगे टिन को उखाड़ा और फिर उसी रास्ते से अंदर दाखिल हुए. इसके बाद ईंट निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली भारी और कीमती मशीनों के महत्वपूर्ण पार्ट्स, लोहे के उपकरण व अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए.

सुबह कर्मचारी पहुंचे तो खुला राज, मालिक ने दर्ज करायी एफआइआर

सुबह जब भट्टे की देखरेख करने वाले कर्मचारी वहां पहुंचे, तो छत का टिन उखड़ा देखकर उनके होश उड़ गए. जब वे अंदर गए तो देखा कि मशीनों के कई महत्वपूर्ण हिस्से और कीमती सामान गायब थे. कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना भट्ठा मालिक जाकिर हुसैन को दी. जाकिर हुसैन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और कपाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज करायी. चोरी गए सामानों की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है.

एक संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही है छापेमारी

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए एक स्थानीय युवक को हिरासत में लिया है. हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि चोरी गए सामानों की बरामदगी और आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है और जल्द ही इस कांड का खुलासा कर लिया जाएगा. उधर, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. ग्रामीणों का कहना है कि चोर लगातार बंद पड़े प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों को निशाना बना रहे हैं, जिससे कपाली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से क्षेत्र में पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने और इन आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >