सरायकेला: गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित Hyundai World Archery Para Series 2026 में भारतीय पैरा तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया है. पांच से नौ सितंबर तक आयोजित विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में भारतीय दल ने कुल 13 पदक अपने नाम किये. इसमें चार स्वर्ण, दो रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं. भारतीय खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने पूरी टीम को बधाई दी है.
शीतल देवी ने अचूक निशाने से जीता स्वर्ण
भारत की स्टार पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने पैरा कंपाउंड महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता. अपने अचूक निशाने, आत्मविश्वास और जुझारूपन के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाया. उनकी यह उपलब्धि विपरीत परिस्थितियों में दृढ़ संकल्प और लगातार मेहनत की प्रेरणादायक मिसाल है.
20 देशों के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में दुनिया के 20 देशों के 100 से अधिक पैरा तीरंदाजों ने हिस्सा लिया. नौ सितंबर को अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर प्रतियोगिता का समापन हुआ. अर्जुन मुंडा भी समापन समारोह में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, एकाग्रता, साहस और खेल कौशल से सभी को प्रभावित किया. शारीरिक चुनौतियों को पीछे छोड़कर खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रेरणादायी रहा.
13 पदक खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम
अर्जुन मुंडा ने भारतीय दल की सफलता को खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया. उन्होंने पदक विजेताओं के साथ भारतीय दल में शामिल सभी खिलाड़ियों, कोच, प्रशिक्षकों, सपोर्ट स्टाफ, फिजियो, तकनीकी टीम और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि ये 13 पदक सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि देश के लिए कुछ कर गुजरने के संकल्प की कहानी हैं.
भारत में बढ़ रहा पैरा खेलों का गौरव
अर्जुन मुंडा ने कहा कि अहमदाबाद में प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता का सफल आयोजन भारत में पैरा खेलों के बढ़ते गौरव और भारतीय तीरंदाजी के उज्ज्वल भविष्य का प्रमाण है. इससे विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने की भारत की क्षमता भी सामने आयी है. उन्होंने भारतीय तीरंदाजी संघ, आयोजन समिति, सहयोगी संस्थाओं और प्रतियोगिता से प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से जुड़े सभी लोगों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
