सरायकेला. खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी के गठन की दिशा में रविवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में चयन शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में कोल्हान के विभिन्न जिलों से पहुंचीं 95 महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनमें से 40 खिलाड़ियों का प्रारंभिक चयन किया गया. चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी कौशल और खेल प्रदर्शन का विशेषज्ञों ने मूल्यांकन किया. चयन शिविर का शुभारंभ जिला ओलिंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार तथा पिनाकी रंजन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया.
इस अवसर पर सिकंदर महतो ने कहा कि बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि कोल्हान क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति युवतियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और मेहनत के साथ खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. आयोजकों ने बताया कि चयन शिविर के आधार पर खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी की अंतिम टीम घोषित की जाएगी. चयनित खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण के साथ जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा. चयन प्रक्रिया में फुटबॉल विशेषज्ञ पोलूस नाग, विजय दिग्गी सहित अन्य प्रशिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. आयोजन की सफलता से क्षेत्र में महिला फुटबॉल को नई दिशा मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है.
