प्रताप मिश्रा
Saraikela: रामनवमी पर सरायकेला प्राचीन बजरंग बली मंदिर समिति बस स्टैंड चौक और महावीर अखाड़ा समिति माजणाघाट समिति की ओर से शुक्रवार को रामनवमी जुलूस निकाला गया. जुलूस ने पूरे शहरी क्षेत्र का भ्रमण किया और इस दौरान युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाए. जुलूस में शामिल भक्तगण जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे. विभिन्न समितियों की और से आकर्षक झांकियां भी निकाली गई. प्राचीन बजरंग बली मंदिर समिति द्वारा बच्चों को राम-सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की वेश-भूषा में सजाया गया था और जीवंत झांकियां भी निकाली गई थी.
महावीर अखाड़ा समिति ने पूर्व सीएम चंपाई सोरेन को पहनाई पगड़ी
महावीर अखाड़ा समिति द्वारा आयोजित रामनवमी जुलूस में पूर्व सीएम सह स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन पहुंचे. उन्होंने भगवान बजरंग बली की पूजा अर्चना कर क्षेत्र की सुख शांति की कामना की. उनके साथ सरायकेला के राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव, समाजसेवी जलेश कवि, विधायक प्रतिनिधि सानद कुमार आचार्य भी मौके पर मौजूद रहे. समिति की और से तीनों अतिथियों का पगड़ी पहनाकर और तलवार भेंट कर स्वागत किया गया. मौके पर पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी से उत्साह और शांति के साथ त्योहार मनाने का आग्रह किया. मौके पर लीपु महांती, शंकर सतपथी, अर्जुन कर, महावीर भोल, बापी महांती, दीपेश रथ, सीपू महांती, आकाश कर, शुभम कर, शिवा विषेई, पवन कवि, मीकू महांती के अलावे काफी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित थे.
प्राचीन बजरंग समिति के शिविर में नपं अध्यक्ष को गदा देकर किया गया सम्मानित
प्राचीन बजरंग बलि मंदिर द्वारा आयोजित रामनवमी जुलूस में सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज चौधरी भी शामिल हुए और उन्हें समिति की ओर से गदा भेंटकर सम्मानित किया गया. मौके पर उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की बात कही. रामनवमी जुलूस मंदिर प्रांगण से निकाला गया जो जेल रोड बजरंग बली मंदिर होते हुए गैरेज चौक, थाना चौक, कालूराम चौक सहित वापस मंदिर परिसर में समाप्त हुआ. मौके पर समिति के सत्यनारायण अग्रवाल, अमिताभ मुखर्जी, अशोक पंडित, प्रेम अग्रवाल सहित काफी संख्या में युवा शामिल हुए.
जुलूस में युवाओं ने दिखाए एक से बढ़कर एक करतब
दोनों समिति द्वारा निकाले गये जुलूस में युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाए. युवाओं ने तलवार बाजी, लाठी खेल, फ्यूज ट्यूब लाईट से खेल, मुंह से आग निकालने का खेल सहित कई करतब दिखाए. लोग हैरानी से युवाओं के करतब देख रहे थे. जुलूस में शामिल युवा से लेकर बुजुर्ग सभी भगवा धारण कर हाथ में बजरंग बली का झंडा लिए हुए दिखे. सभी जय श्रीराम के जयकारे लगा रहे थे. जुलूस में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, बजरंग बली की झांकी बनायी गयी थी जो जुलूस के साथ-साथ चल रही थी.
सुरक्षा व्यवस्था थी टाईट, तैनात थे दंडाधिकारी
जुलूस में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस मुस्तैद थी. थाना प्रभारी के नेतृत्व में जुलूस में दंडाधिकारी की भी नियुक्ति की गई थी. थाना प्रभारी खुद पूरे सरायकेला का भ्रमण करते रहे.
ये भी पढ़ें…
Ranchi Weather: झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, कम नहीं हुआ रामभक्तों का उत्साह
गढ़वा रामनवमी विवाद में दोनों पक्षों के 19 लोग गिरफ्तार, थाना प्रभारी लाइन हाजिर
