सुबह-सुबह रास्ते में अचानक भालू ने किया हमला, 80 वर्षीय ग्रामीण गंभीर घायल, जमशेदपुर में चल रहा इलाज

राजनगर थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में रविवार सुबह एक 80 वर्षीय ग्रामीण पर जंगली भालू ने हमला कर दिया. हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

राजनगर: राजनगर थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव में रविवार सुबह जंगली भालू के हमले में 80 वर्षीय ग्रामीण मानसिंह हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गये. भालू के हमले में उनके पैर की हड्डी टूट गयी, जबकि शरीर के कई हिस्सों में काटने और नाखून से खरोंचने के गंभीर निशान हैं. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. उनकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है.

रास्ते में अचानक सामने आया भालू

जानकारी के अनुसार, बलरामपुर गांव निवासी मानसिंह हांसदा रविवार सुबह करीब 5:45 बजे अपने गांव से बेटकालसाईं की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अचानक एक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं सके. भालू ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया और शरीर के कई हिस्सों में काट लिया. उसने नाखून से भी हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये. हमले में उनके पैर की हड्डी भी टूट गयी.

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, वन विभाग को दी सूचना

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल मानसिंह हांसदा को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

इधर, घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी गयी है. सूचना मिलने के बाद वन विभाग की ओर से घटना की जानकारी जुटाने और इलाके में भालू की मौजूदगी का पता लगाने की कार्रवाई की जा रही है. वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

घटना के बाद आसपास के गांवों में भालू को लेकर भय का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Surendra mardi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >