Seraikela Kharsawan News : कुंडियासाई में डायरिया का प्रकोप, बच्चे की मौत

खरसावां. एक दर्जन से अधिक अस्पताल में भर्ती, गांव में कैंप लगाकर किया गया इलाज

खरसावां. खरसावां के रिडिंग गांव के कुंडियासाई टोला में मंगलवार की देर शाम डायरिया से अमर सिंह सिजुई(10) की मौत हो गयी, जबकि नौ लोग पीड़ित हैं. मृतक के पिता लालसिंह सिजुई के अनुसार, सोमवार की रात अचानक कुंडियासाई के पांच-छह लोगों को उल्टी-दस्त होने लगी. मंगलवार को अमर को भी लगातार उल्टी-दस्त होने के बाद कुचाई के सरकारी अस्पताल लाया गया. यहां उसका प्राथमिक इलाज कर सदर अस्पताल रेफर करने के क्रम में अमर ने दम तोड़ दिया.

टोला में एक दर्जन से अधिक लोग डायरिया से पीड़ित :

पीड़ितों में से मुनी बांकिरा (24), मुंगु सिजुई (55), महाकाल नारायण सिजुई (16), सुरती हेंब्रम (14) व मांदरी सिजुई (46) का सरायकेला सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. समीर हेंब्रम (18), सुमिता हेंब्रम (40), सुनीता हेंब्रम (26) जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती हैं. ये सभी रिडिंगदा गांव के रहने वाले हैं. साथ ही बीते दिनों कुंडियासाई गांव आयी तेलायगोड़ा की मेची पायेडा (50) भी डायरिया की जद में आ गयी. मेची पाडेया का जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है. गांव में पांडेय सिजुई (80), लालसिंह सिजुई (53) व कादु सिजुई (08)

का उपचार किया जा रहा है.

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रिडिंगदा गांव का लिया जायजा

खरसावां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने रिडिंगदा पहुंच कर जायजा लिया. मंगलवार से अस्पताल के चिकित्सक गांव में पहुंच कर लोगों का इलाज कर रहे हैं. वहीं, बीडीओ प्रधान माझी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ वीरांगना सिंकू समेत अन्य भी स्थिति का जायजा लेने कुंडियासाई पहुंचे. डॉ वीरांगना सिंकू ने बताया ग्रामीणों को आवश्यक दवा दी गयी है. साथ ही पानी उबाल कर पीने की सलाह दी गयी है.

दो साल से घरों तक नहीं पहुंच रहा नल से जल

करीब 300 की आबादी वाले इस गांव में एक भी चापाकल नहीं है. कुंडियासाई में ‘हर घर नल-जल योजना’ के तहत एक सोलर संचालित जलापूर्ति योजना स्थापित की गयी है. लेकिन, यह दो साल से खराब पड़ी है. गांव के लोग पुराने कुएं का पानी पीने को विवश हैं. ग्रामीणों ने बताया कि जलापूर्ति दुरुस्त करने की शिकायत के बावजूद भी इसे दुरुस्त नहीं किया गया.

दूषित पानी पीने से फैला डायरिया

कुंडियासाई में दूषित पानी पीने से डायरिया फैलने की बात सामने आ रही है. गांव के लोग दो पुराने कुएं से पानी निकाल कर पीते हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों कुएं से पानी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >