Seraikela Kharsawan News : ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड व बैरिकेडिंग, स्ट्रीट लाइट ठीक करें : डीसी

मार्च में 22 दुर्घटनाओं में 20 की मौत

सरायकेला. डीसी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की गयी. जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने बताया कि मार्च 2026 में जिले में 22 सड़क दुर्घटनाओं में जिनमें 20 लोगों की मृत्यु तथा 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए. डीसी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों व कार्यपालक अभियंताओं को समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने विशेष रूप से ब्लैक स्पॉट स्थलों पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, टर्निंग प्वाइंट संकेत, जिग-जैग बैरिकेडिंग, जेब्रा क्रॉसिंग व स्ट्रीट लाइट लगाने तथा खराब लाइटों की अविलंब मरम्मत करने का आदेश दिया.

खराब सड़क व स्ट्रीट लाइट की मरम्मत पर जोर:

बैठक में विभिन्न मार्गों पर निर्माणाधीन सड़क एवं पुलिया कार्यों की समीक्षा की गयी. संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराएं, ताकि आवागमन सुगम हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके.

आदित्यपुर में नो-इंट्री का प्रस्ताव

यातायात निरीक्षक राजू ने बताया कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक यातायात का दबाव अधिक रहता है. इस पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर नो-इंट्री लागू करने का सुझाव दिया गया. डीसी ने इस संबंध में जिला उद्योग केंद्र, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं यातायात निरीक्षक को औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित हो सके. साथ ही जिन मार्गों पर भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित है, वहां पूर्ण रोक लगाने को कहा गया. बैठक में एडीसी जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सरायकेला. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई. बैठक में अवैध खनन गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने, राजस्व संरक्षण सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रक्रियाओं में तेजी लाने को लेकर कई निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की खनन गतिविधि बिना वैधानिक अनुमति के संचालित न हो तथा अवैध खनन पर पूर्णतः अंकुश लगाया जाए. सभी अंचल अधिकारियों को खनन निरीक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया. इसके साथ ही श्रेणी-2 बालू घाटों के संचालन में हो रही देरी की समीक्षा की गयी. नीलामी के तीन माह बाद भी संचालन प्रारंभ नहीं होने पर उपायुक्त ने बीडीओ ईचागढ़ व कुकड़ू को ग्राम सभा की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने तथा एसडीओ की उपस्थिति में बालू घाटों के संचालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

दलमा क्षेत्र में संयुक्त निरीक्षण के निर्देश:

बैठक में दलमा क्षेत्र में अवैध बालू एवं पत्थर उत्खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने टास्क फोर्स के सभी पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान वीडियोग्राफी अनिवार्य करने को कहा गया. साथ ही पश्चिम बंगाल के चालान के माध्यम से हो रहे खनिज परिवहन की शिकायतों पर सख्त जांच करने तथा परिवहन की वैधता सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया. राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देश 10 जून से प्रभावी होने के कारण सभी बालू स्टॉकिस्ट को पर्याप्त मात्रा में बालू का पूर्व भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि उस अवधि में नदी से अवैध उत्खनन की संभावना समाप्त हो सके. नीलाम किए गए जब्त बालू के सफल बोलीदाताओं को अतिरिक्त 15 दिनों का समय देने का भी निर्णय लिया गया. बैठक में एडीसी जयवर्धन कुमार, एसडीओ सरायकेला अभिनव प्रकाश, डीटीओ गिरिजा शंकर महतो, एसडीओ चांडिल विकास राय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

एक माह में 10 वाहन जब्त, 4000 सीएफटी बालू बरामद

जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने बताया कि 11 मार्च से 22 अप्रैल तक अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाकर कुल 10 वाहनों को जब्त किया गया. इनमें 5 हाइवा, 4 ट्रैक्टर एवं 1 टाटा 407 वाहन शामिल हैं. इस दौरान लगभग 4000 सीएफटी बालू जब्त किया गया तथा 2.10 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >