Seraikela News : सड़क निर्माण के एक माह के भीतर आयीं दरारें

सड़क निर्माण के एक माह के भीतर आयीं दरारें

चौका. चौका थाना के खुंटी गांव में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य में अनियमितता का मामला प्रकाश में आया है. सड़क की पीसीसी ढलाई को एक माह भी नहीं बीता है कि सड़क दरकने लगी है. कई स्थानों पर सड़क दब गयी है और मोटी दरारें उभर आयी हैं, जिससे कार और बाइक चालकों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ज्ञात हो कि इस सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास 6 दिसंबर 2023 को किया गया था. निर्माण स्थल पर लगे सूचना बोर्ड के अनुसार, कार्य प्रारंभ करने की तिथि 28 जून 2024 तथा पूर्ण करने की तिथि 28 मार्च 2025 निर्धारित है. परियोजना की कुल लंबाई 2.590 किलोमीटर है. हालांकि, बोर्ड पर अनुमानित लागत और अनुबंधित राशि का उल्लेख नहीं किया गया है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में भारी अनियमितताएं बरती गयी हैं. उन्होंने बताया कि निर्माण में घटिया किस्म की गिट्टी, सीमेंट और बालू का इस्तेमाल किया गया है, जिसके कारण सड़क में जल्द ही दरारें आने लगीं हैं. ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सड़क के किनारों पर मिट्टी तक नहीं डाली गयी, जिससे सड़क जल्दी क्षतिग्रस्त हो रही है.

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी नीमडीह से धुनाडीह व तोरंबा से अतरा की सड़क, सीएम से शिकायत

खरसावां. कुचाई प्रखंड में पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत नीमडीह से धुनाडीह व तोरंबा से अतरा तक बन रही दो सड़कों में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. विधायक दशरथ गागराई ने सीएम हेमंत सोरेन से रांची में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. सौंपे ज्ञापन में कहा कि कुचाई प्रखंड के नीमडीह से धुनाडीह व तोरंबा से अतरा तक पथ निर्माण योजना में अनियमितता बरती गयी है. कई स्थान पर कालीकरण नहीं किया गया है. पीसीसी पथ पर जगह-जगह दरारें आ गयी है. कल्वर्ट व आरसीसी पुलिया का निर्माण कार्य बेहद निम्न स्तर का है. कल्वर्ट में केवल ह्यूम पाइप बिछा कर छोड़ दिया गया है. पत्र में कहा कि पहली योजनाओं में प्राक्कलन राशि 7.99 करोड़ रुपये है, जिसमें से 6.65 करोड़ रुपये की निकासी कर ली गयी है. वहीं दूसरी योजना तोरंबा से अतरा तक पथ निर्माण योजना की प्राक्कलन राशि 3.92 करोड़ रुपये है. इसमें से 2.63 करोड़ रुपये की निकासी की जा चुकी है. दोनों योजनाओं के निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिये एक वर्ष का टाइम एक्सटेंशन मिलने के बाद भी अब तक पूर्ण नहीं किया गया है. दोनों ही योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गयी है. सीएम से संवेदक को काली सूची में डालते हुए सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >