Seraikela Kharsawan News : चांडिल : पिता व पुत्र पर जानलेवा हमला, ग्रामीणों ने 3 युवकों को दबोचा
चांडिल. चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बाईपास रोड (एचएच-32) पर लेंगडीह गांव के समीप बुधवार की शाम मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना घटी. सड़क पर गिरे एक अनियंत्रित बाइक राइडर की मदद करने पहुंचे होटल मालिक सपन महतो और उनके बेटे राहुल महतो पर मनचले बाइक सवारों ने जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
मदद के बदले मिला खून से लथपथ सिर:
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम कुछ बाइक राइडर तेज रफ्तार और अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए थे. पास में ही स्थित होटल के मालिक सपन महतो और उनका बेटा राहुल महतो ने इंसानियत दिखाते हुए बीच सड़क पर गिरे एक राइडर को उठाने और उसकी मदद करने की कोशिश की. लेकिन मदद के बदले, उन मनचले बाइक सवारों ने सपन महतो के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े.
बचाने आये बेटे को भी छह मनचलों ने पीटा:
जब राहुल अपने पिता को बचाने के लिए आगे आया, तो वहां मौजूद लगभग छह मनचले बाइक सवारों ने एकजुट होकर उस पर भी हमला बोल दिया. राहगीरों की बढ़ती भीड़ और विरोध देखकर हमलावर अपनी बाइक लेकर भागने लगे. हालांकि, स्थानीय लोगों की सक्रियता के कारण भाग रहे तीन आरोपियों को दबोच लिया गया, जिन्हें बाद में चांडिल पुलिस के हवाले कर दिया गया. घायल सपन महतो और उनके बेटे राहुल महतो को तत्काल चांडिल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. सपन महतो की स्थिति सिर में गंभीर चोट के कारण चिंताजनक बनी हुई थी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.