चांडिल/खरसावां : पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. जल संसाधन विभाग ने डैम के सभी 13 रेडियल गेट खोल दिये हैं. शनिवार दोपहर तक डैम का जलस्तर 179.23 मीटर दर्ज किया गया, जिसके माध्यम से नदी और केनाल (नहर) में कुल 756.43 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है. डैम से पानी छोड़े जाने के कारण नदी के जलस्तर में वृद्धि हो सकती है, जिसे देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गयी है.
नदियां उफान पर, कई पुल डूबे
खरसावां और कुचाई के पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार रात हुई भारी बारिश से सोना और सुरू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया. जलस्तर बढ़ने से खरसावां-सिनी मुख्य मार्ग पर संतारी गांव के समीप स्थित पुल और उकरी पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गये. इसके अलावा कुचाई के अरुवा पुल पर कुछ घंटों तक पानी का तेज बहाव रहा. इन पुलों के ऊपर चार से पांच फीट पानी बहने के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
आगे भी बारिश जारी रहने का अलर्ट
उकरी पुलिया के ऊपर दिनभर सोना नदी का पानी बहता रहा. लगातार पानी के बहाव और स्कूली बच्चों के आवागमन के खतरे को देखते हुए सीनी के खतवाकुदर स्थित वीएस पब्लिक स्कूल में शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया गया. स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया.
क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण सोना, सुरू और संजय नदी का जलस्तर अभी भी बढ़ा हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार आगे भी बारिश होने के आसार हैं, जिससे नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है. प्रशासन ने नदी और पुल के आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों से पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है.
