Seraikela Kharsawan News : स्थापना दिवस झारखंड की एकता अस्मिता व विकास का प्रतीक : डीसी

स्थापना दिवस के क्रियान्वयन को लेकर डीसी ने की अधिकारियों संग बैठक

सरायकेला. सरायकेला में राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा डीसी नितिश कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शनिवार को की. बैठक में सभी विभागों को अपने सौंपे गये कार्यों को प्राथमिकता के साथ और समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिये गये. कार्य की अद्यतन स्थिति नियमित रूप से जिला मुख्यालय को भेजी जायेगी. समारोह को भव्यता, अनुशासन और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाने पर बल दिया गया. कार्यक्रम का आयोजन टाउन हॉल, सरायकेला में झारखंडी लोकनृत्य, लोकगीत, पारंपरिक कला की झलकियां से किया जायेगा. जन जागरुकता अभियान 11 से 15 नवंबर तक फ्लैश मॉब, साइकिल रैली, आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियों पर आधारित होगा. यह पूरा आयोजन झारखंड की एकता, अस्मिता और विकास की भावना को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है.

11 नवंबर को जिला एवं प्रखंड स्तर पर होगा रन फॉर झारखंड का आयोजन:

डीसी ने बताया कि 11 नवम्बर 2025 को “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम जिला एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित होगा. इसमें स्कूल के विद्यार्थी, युवा और आम नागरिक शामिल होंगे. 11 से 14 नवंबर 2025 तक चित्रकला, कविता, भाषण और अन्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित होंगी. उत्कृष्ट प्रतिभागियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जायेगा. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी कार्यालय परिसरों में राज्य स्थापना दिवस से पहले सफाई, रंग-रोगन और प्रकाश व्यवस्था का कार्य पूर्ण कर लिया जाए ताकि माहौल उत्सवमय और आकर्षक दिखे. 14 नवंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक विषयों पर आधारित नुक्कड़ नाटक आयोजित होंगे, जिनका उद्देश्य आम जनता में जागरूकता बढ़ाना है.

18 नवंबर से 15 दिसंबर 2025 तक चलेगा ””आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार”” अभियान

डीसी ने बैठक में बताया कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “आपकी योजना -आपकी सरकार-आपके द्वार” अभियान के तहत 18 नवंबर से 15 दिसंबर 2025 तक जिले के सभी पंचायतों में चलाया जायेगा. कार्यक्रम का इस बार का विषय “सर्टिफिकेट थीम” रखा गया है. शिविरों में लोगों को जाति, आय, जन्म प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज़ों के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं से जुड़े स्वीकृति पत्र प्रदान किए जाएंगे. अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना, जनसुविधा सुनिश्चित करना और नागरिकों की शिकायतों का समाधान स्थल पर ही करना है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी बीडीओ और सीओ को निर्देश दिया है कि हर पंचायत के लिए रोस्टर तैयार करें और शिविरों का आयोजन ऐसे स्थलों पर करें जहां आम लोगों की पहुंच आसान हो और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों. शिविर स्थलों पर भीड़ प्रबंधन और आवागमन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है.

तीन से सभी अंचलों में लगेगा राजस्व शिविर

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में जानकारी दी कि 3 नवंबर 2025 से आगामी 10 दिनों के लिए सभी अंचलों में विशेष राजस्व शिविर आयोजित किये जायेंगे. इन शिविरों में भूमि-संबंधी आवेदन, नामांतरण, सीमांकन तथा अन्य राजस्व मामलों का त्वरित निस्तारण किया जायेगा. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और जनसंपर्क विभाग समारोह स्थल की सभी तैयारियां पूर्व निर्धारित समय में पूर्ण करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान कोई बाधा न उत्पन्न हो. बैठक में रीना हांसदा, डॉ. अजय, जयवर्धन कुमार, रवि प्रकाश आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >