सरायकेला : सरायकेला-कांड्रा सड़क पर नंदीडीह के पास शुक्रवार देर रात्रि एक बराती वाहन के पलट जाने से तीन बराती की मौत हो गयी जबकि नौ अन्य घायल भी हो गये. मारे गये लोगों में दुगलु कैवर्त, मेदा कैवर्त, लाल कैवर्त शामिल हैं.
जबकि घायलों में दीपेंद्र कलांदी,मंगरू कलांदी,खुदीराम कलांदी, राम कैवर्त, कार्तिक कालंदी, अधीर कलांदी, कुजुराम कलांदी, अशोक कैवर्त व एक अन्य बराती शामिल हैं.
बराती पूर्वी सिंहभूम के गालूडीह से चक्रधरपुर जा रही थी. मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वैन में बराती बैठे हुए थे. साथ ही उसमें बाजेदार भी बैठे हुए थे. जैसे ही गाड़ी नंदीडीह गांव के समीप पहुंची कि एक बोलेरो तेज रफ्तार से ओवर टेक करते हुए निकल गयी. जबकि पिकअप वैन का चालक बोलेरो को तेज रफ्तार से जाते देख अपना वाहन अनियंत्रित कर बैठा, जिससे गाडी वहीं पर पलट गयी.
गाड़ी पलटने से तीन लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के पश्चात पुलिस एसोसिएशन के सदस्य व सरायकेला थाना की पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर घायल लोगों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां उनका इलाज किया गया. इनमें से कुछ घायलों की स्थिति गंभीर होते देख चिकित्सकों द्वारा बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया.
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी इंद्रजीत महथा ने घटना स्थल पर पहुंच कर जानकारी हासिल की. घटना पर थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को इलाज हेतु भेजा. साथ ही दुर्घटना ग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया. घटना लगभग ग्यारह बजे घटी है.
