सरायकेला : सरायकेला अंचल के उकरी गांव के समीप जिला पुलिस का नया पुलिस लाइन बनेगा. इसके लिए विभागीय पहल शुरू हो गयी है. नये पुलिस लाइन में महिला बैरक से लेकर सब इंस्पेक्टर व उससे नीचे रैंक के पुलिस के लिए नये आवासीय परिसर का भी निर्माण होगा.
नया पुलिस लाइन 40 एकड़ भू भाग पर बनेगा. रविवार को जिला के एसपी इंद्रजीत महथा ने नये पुलिस लाइन क्षेत्र का भ्रमण किया और साइट प्लान तैयार किया. निरीक्षण के पश्चात एसपी महथा ने बताया कि पुलिस लाइन निर्माण के लिए मैप तैयार कर लिया गया है. इसे मुख्यालय को जल्द ही भेज दिया जायेगा ताकि निविदा प्रक्रिया शुरू हो सके और पुलिस लाइन का निर्माण जल्द हो सके.
नये पुलिस लाइन में क्या-क्या बनेगा:नये पुलिस लाइन में महिला पुलिस बल के लिए अलग से एक बैरक का निर्माण होगा. पुरुष बल के लिये एक बैरक व पेयजल हेतु एक जलमीनार बनेगा.
जलमीनार में पानी की आपूर्ति बगल के सोना नदी से होगी. पुलिस लाइन में सब इंस्पेक्टर व उससे नीचे रैंक के पुलिस के लिए आवासीय परिसर का भी निर्माण होगा व एक शस्त्रगार का भी निर्माण किया जायेगा. पूरे 40 एकड़ भू भाग का चाहरदिवारी निर्माण किया जायेगा.
एसपी महथा ने बताया कि उक्त क्षेत्र नदी किनारे होने के साथ बंजर जमीन है. जिसका किसी प्रकार का उपयोग नहीं होता है. जमीन में प्राकृतिक सौंदर्यता का भी ख्याल रखा जायेगा. इसके लिए बागवानी व अन्य फलदार वृक्ष भी लगाये जायेंगे.
संजय ग्राम में संचालित है वर्त्तमान पुलिस लाइन: सरायकेला खरसावां जिला का पुलिस लाइन वर्त्तमान में संजय ग्राम में संचालित है.
यहां पुलिस जवानों के रहने के लिए जगह काफी कम है. जिसके कारण जवानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. पुलिस लाइन में पूर्व में बने भवन काफी जजर्र हो चूके हैं. जवान जान जोखिम में डाल कर वहां रहते हैं. महिला बैरक नहीं होने के कारण महिला पुलिस बल को भी काफी परेशानी होती है.
