रोजगार मेले में 223 युवा हुए शॉर्टलिस्ट, अब इन शहरों का खुलेगा रास्ता, जानें सैलरी कितनी होगी

सरायकेला में आयोजित रोजगार मेले में 19 कंपनियों ने भाग लिया, जिसमें 223 युवाओं को विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। जानिए पूरी जानकारी.

सरायकेला : नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए बुधवार का दिन उम्मीद लेकर आया. जिला नियोजनालय सह मॉडल करियर सेंटर परिसर में लगे रोजगार मेले में अलग-अलग कंपनियों के स्टॉल पर युवाओं की भीड़ जुटी रही. किसी ने तकनीकी योग्यता के दम पर किस्मत आजमाई तो किसी ने अनुभव और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर इंटरव्यू दिया. दिनभर चली चयन प्रक्रिया के बाद 223 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया. अब इन युवाओं के लिए आगे की प्रक्रिया क्या होगी और किन क्षेत्रों में नौकरी का मौका मिलेगा, यह जानना भी अहम है. युवाओं को सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर और चाईबासा क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में काम करने का अवसर मिलेगा.

19 कंपनियां पहुंचीं, युवाओं ने दिया इंटरव्यू

रोजगार मेले में कुल 19 निजी कंपनियों और औद्योगिक संस्थानों ने हिस्सा लिया. कंपनियों के प्रतिनिधियों और एचआर मैनेजरों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक, तकनीकी योग्यता और संबंधित पद के लिए उनकी क्षमता के आधार पर इंटरव्यू लिया. मेले में रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, रुंगटा माइंस लिमिटेड, ब्राइटटेक इंडस्ट्रियल इंडिया लिमिटेड, आरुष मेटल कास्टिंग, पैंथर सिक्योरिटीज, प्रवीण इंजीनियरिंग, ग्रीनटेक कंसल्टेंसी, एलआईसी और टाटा स्टील फाउंडेशन समेत कई संस्थान शामिल रहे.

इन पदों पर युवाओं ने आजमाई किस्मत

चयन प्रक्रिया में अलग-अलग तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का आकलन किया गया. 223 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया है. इनमें मोल्डिंग ऑपरेटर, मेल्टिंग इंजीनियर, सीएनसी ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, गैस कटर, इलेक्ट्रीशियन, लैब एग्जीक्यूटिव, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, बीमा सखी, एचआर एग्जीक्यूटिव, लाइन ऑपरेटर और फोर्कलिफ्ट मशीन ऑपरेटर जैसे पद शामिल हैं.

तीन प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में मिलेगा मौका

जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मक्सिमा लाकड़ा ने बताया - शॉर्टलिस्ट किए गए युवाओं को मुख्य रूप से सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर और चाईबासा क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में काम करने का अवसर मिलेगा. यानी रोजगार मेले में चयनित युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर ही नौकरी के रास्ते खुल सकते हैं. खासकर तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग औद्योगिक पदों पर अवसर उपलब्ध कराए गए.

अधिकारियों और कंपनियों के प्रतिनिधियों ने संभाली जिम्मेदारी

रोजगार मेले के दौरान वाईपी रवि प्रकाश सिंह, सुरेंद्र रजक, सुजीत सरदार समेत नियोजनालय के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे. विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी चयन प्रक्रिया में भाग लिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप कुमार मिश्रा

प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >