सरायकेला : जिला के अंचल कार्यालय भी आधुनिक तकनीक से लैस होंगे. अब बटन दबाते ही जमीन संबंधी सभी प्रकार की जानकारी हासिल हो सकेगी. इसके लिए विभाग द्वारा पहल शुरू कर दी गयी है. पहले चरण में जिला मुख्यालय के अंचल कार्यालय को हाइटेक करने की योजना है.
इसके लिए कार्य भी शुरू हो चुका है. इस योजना के तहत जिला के सभी आठों अंचल कार्यालय में कंप्यूटर सहित अन्य आधुनिक उपकरण लगाये जायेंगे और उसमें अंचल के खतियान की सभी विवरणी को अपलोड कर दिया जायेगा. योजना के तहत सरायकेला अंचल में खतियान की विवरणी कंप्यूटर में अपलोड किया जा रहा है. शेष अंचल कार्यालयों में भी जल्द कार्य शुरू किया जायेगा.
एडीसी ने की बैठक
एडीसी सीके सिंह ने जिला के सभी अंचल कर्मचारियों संग बैठक कर अंचल कार्यालय के हाइटेक होने की जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि पहले अंचल कार्यालय में जो खाता-बही के लिए अलग रिकार्ड रखना पड़ता था, इससे अब मुक्ति मिल जायेगी. साथ ही किसी भी मौजा के जमीन का विवरण तुरंत मिल सकेगा. उन्होंने कहा कि कर्मचारी इसके लिए खतियान आदी को दुरुस्त कर लें, ताकि उसे कंप्यूटर में अपलोड किया जा सके.
सरायकेला अंचल में कार्य शुरू
सरायकेला अंचल कार्यालय को हाइटेक करने का कार्य शुरू हो गया है. अब अंचल की सारी जानकारी कंप्यूटर के माध्यम से बटन दबाते ही मिल जायेगी. योजना के तहत पहले चरण में सभी खतियानों की प्लॉट संख्या, खाता संख्या, मौजा, रकवा आदि को अपलोड किया जा रहा है, ताकि विवरणी खोजने में दिक्कत न हो.
