सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Saraikela News: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों (23 और 29 अप्रैल 2026) को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है, जहां झारखंड भाजपा के दिग्गज नेता भी पूरी तैयारी के साथ सक्रिय नजर आ रहे हैं. विशेष रूप से बंगाल के सटे झारखंड के सीमावर्ती जिलों में चुनावी बिसात बिछाने के लिए बैठकों का दौर तेज हो गया है. इसी कड़ी में, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अर्जुन मुंडा ने बांकुड़ा में आयोजित एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक में भाग लिया. इस उच्चस्तरीय बैठक में उनके साथ राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष जी, झारखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री सह पूर्व मंत्री अमर बाउरी जी समेत कई कद्दावर नेता और सांगठनिक पदाधिकारी उपस्थित थे.
बूथ स्तर पर ‘अभेद्य दुर्ग’ बनाने की रणनीति
बैठक के दौरान बांकुड़ा और आसपास के विधानसभा क्षेत्रों के लिए व्यापक चुनावी खाका तैयार किया गया. नेताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि बंगाल की सत्ता की राह ‘बूथ’ से होकर गुजरती है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी और बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती ही विजय की असली कुंजी होगी. अर्जुन मुंडा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकजुटता, अनुशासन और समर्पण है. उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आह्वान किया कि अगर वे संगठित होकर चुनाव लड़ें, तो बंगाल में परिवर्तन सुनिश्चित है.
केंद्र की योजनाओं का ‘घर-घर’ प्रचार करने का निर्देश
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और पार्टी की घोषणा पत्र को आम लोगों तक पहुंचाने का गुरुमंत्र दिया. साथ ही, पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार की नाकामियों को भी जनता के बीच पहुंचने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: रांची से ‘फर्जी’ अफसर धराया, सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर लगाता था चूना, 70 लाख की ठगी का खुलासा
इसे भी पढ़ें: पूर्व विधायक इंद्रजीत महतो की वापसी पर लगेगा सुरक्षा घेरा? झारखंड भाजपा अध्यक्ष का DGP को पत्र, कर डाली बड़ी मांग
