खरसावां : अभिजीत स्टील में कार्य कर रहे संवेदकों की बैठक गुरुवार को आकर्षणी वन विश्रमागार में संपन्न हुई. बैठक में कहा गया कि अभिजीत स्टील पर संवेदकों का करीब साढ़े सात करोड़ रुपया बकाया है.
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि 10 जून तक अभिजीत स्टील प्रबंधन बकाया राशि का भुगतान नहीं करती है, तो 11 जून से सभी संवेदक प्लांट के मुख्य गेट को जाम कर आमरण अनशन पर बैठ जायेंगे. बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित पूर्व विधायक मंगल सोय ने कहा कि इस मुद्दे पर प्रबंधन से उनकी बात हुई है.
संवेदक व प्रबंधक के बीच कड़ी बनेंगे तथा बकाया राशि का भुगतान करायेंगे. उन्होंने कहा कि संवेदकों की मांग को कंपनी प्रबंधन पूरा नहीं करती है, तो संवेदकों के आंदोलन में वे भी पूरी तरह से शामिल होंगे. संवेदकों ने बताया कि बकाया राशि का भुगतान नहीं होने से संवेदकों की आर्थिक स्थिति खराब हो गयी है.
बैठक में लिये गये निर्णय की जानकारी भी कंपनी प्रबंधन को दे दी गयी है. बैठक में मुख्य रूप से उमेश सिंहदेव, दिलीप प्रधान, उदय सिंहदेव, पीनु दुबे, सौरभ सिन्हा, विमल अग्रवाल, टोना डालमिया, वासुदेव पाल, धर्मेद्र मिश्र, शिवकुमार साहू, अताउल्लाह खान मुख्य रूप से उपस्थित थे.
