बाइक से चौका के बैंक ऑफ इंडिया शाखा जा रहा था दंपती
कोयला लदे ट्रक ने पीछे से बाइक में धक्का मारा
ग्रामीणों ने शव एनएच पर रख मुआवजा मांगा
डेढ़ वर्षीया बच्ची की परवरिश की व्यवस्था की मांग
चांडिल : चौका थानांतर्गत टाटा-रांची मार्ग (एनएच-33) पर बड़ामटांड़ के समीप मंगलवार की सुबह 11:30 बजे कोयला लदा ट्रक के धक्के से बाइक सवार गर्भवती महिला की मौत हो गयी. वहीं बाइक चला रहा पति गंभीर रूप से घायल हो गया. चौका के दिरलॉन्ग निवासी प्रमिला लायेक (23) अपने पति रोहिन लायेक के साथ बाइक (जेएच 22 सी 0481) से अपने घर से चौका मोड़ स्थित बैंक ऑफ इंडिया आ रही थी.
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा व मृतका की डेढ़ वर्षीय बच्ची की परवरिश की मांग पर दोपहर 12 बजे से डेढ़ बजे तक टाटा-रांची मार्ग जाम कर दिया. ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख दिया था. इसके कारण सड़क के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
पुलिस ने जबरदस्ती शव कब्जे में लिया
इधर घटना की सूचना पाकर चौका पुलिस पहुंची. पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेने की कोशिश की. शव उठाने पर ग्रामीण विरोध करने लगे. काफी मशक्कत से पुलिस ने जबरदस्ती शव को अपने कब्जे में लिया.
सड़क किनारे फेंका जाने से बची पति की जान : जानकारी के अनुसार पति-पत्नी बाइक से बैंक जा रहे थे. बड़ामटांड़ के पास कोयला लदा ट्रक ने पीछे से बाइक में धक्का मार दिया. सड़क पर गिरी महिला के ऊपर ट्रक चढ़ गया.
इससे मौके पर उसकी मौत हो गयी. बाइक चला रहे उसके पति रोहिन लायेक सड़क किनारे फेंका गया. इससे उसकी जान बच गयी. हालांकि उसे गंभीर चोट आयी है. वह ठेका पर मजदूरी करती है.
घटना के बाद ट्रक चालक फरार
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया. आसपास के लोगों ने घायल रोहिन लायेक को चावलीबासा स्वास्थ्य केंद्र में
इलाज कराया. इस अवसर पर आजसू नेता खगेन महतो, बोलाई सेन पहुंचे. पुलिस उक्त ट्रक का पता लगाने में जुटी है. वहीं इस मामले में मामला दर्ज कर लिया गया है.
