खनन विभाग का गोहिरा व टेंटोपोशी में छापा
सरायकेला : खनन विभाग द्वारा गम्हरिया प्रखंड के गोहिरा व टोंटोपोशी बालू घाट पर औचक छापेमारी की गयी. इस दौरान घाट पर स्टॉक किये गये बालू को जब्त कर लिया गया. साथ ही इसे लेकर सरायकेला थाने में दो नामजद समेत अन्य पर प्राथमिकी दर्ज की गयी. इस संबंध में जिला खनन पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना पर खनन विभाग द्वारा टीम गठित कर पहले टेंटोपोशी गांव में छापेमारी की गयी. यहां पंचायत भवन के पीछे करीब तीन सौ हाइवा अवैध बालू स्टॉक कर रखा गया था,
जिसे जब्त कर लिया गया. वहीं गोहिरा के समीप डंप किये गये करीब चार सौ हाइवा अवैध बालू जब्त किया गया. उन्होंने बताया कि छापेमारी में पाया गया सफेद पत्थरों का भी उत्खनन किया जा रहा था, जिस पर खनन कार्य बंद कराते हुए अज्ञात संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. खनन पदाधिकारी ने बताया कि जब्त बालू का बाजार मूल्य पांच लाख से अधिक है. मामले पर मो खातिर व सुभाष कुमार समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
