छऊ हमारा गर्व, देंगे नयी पहचान : मंत्री

मंत्री अमर बाउरी ने कहा- छऊ के विकास के लिए बनेगी वार्षिक कार्य योजना महोत्सव में स्टॉल लगा कर दी जा रही सरकार की कल्याणकारी योजनाअों की जानकारी सरायकेला : छऊ हमारी सांस्कृतिक धरोहर है. इसे बचाये रखना हम सभी का कर्तव्य है. छऊ के विकास के लिए वार्षिक कार्य योजना बनायी जायेगी, ताकि छऊ […]

मंत्री अमर बाउरी ने कहा- छऊ के विकास के लिए बनेगी वार्षिक कार्य योजना

महोत्सव में स्टॉल लगा कर दी जा रही सरकार की कल्याणकारी योजनाअों की जानकारी
सरायकेला : छऊ हमारी सांस्कृतिक धरोहर है. इसे बचाये रखना हम सभी का कर्तव्य है. छऊ के विकास के लिए वार्षिक कार्य योजना बनायी जायेगी, ताकि छऊ का संरक्षण व विकास हो सके. उक्त बातें पर्यटन कला संस्कृति, खेलकूद एवं राजस्व भूमि सुधार मंत्री अमर बाउरी ने कही. बुधवार को वे सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय छऊ महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे. मंत्री बाउरी ने कहा कि छऊ जैसी सांस्कृतिक धरोहर को नयी ऊर्जा देने की आवश्यकता है, ताकि हम इसे आने वाले पीढ़ी को बेहतर रूप में सौंप सकें. उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में मंत्रालय संभालने के बाद से उन्होंने छऊ के विकास के लिए कई योजनाएं बनायी. छऊ के प्रचार-प्रसार के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैंपेनिंग चलाया गया.
पहचान को बरकरार रखने की जरूरत: मंत्री श्री बाउरी ने कहा कि सरायकेला छऊ को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान को बरकरार रखने एवं छऊ जैसी विकसित कला एवं प्राचीन परंपरा को बनाये रखते हुए नयी ऊंचाई देने के लिए सभी को एक मंच पर आने की जरूरत है.
मंत्री श्री बाउरी ने कहा कि सरायकेला जिला के लोगों में छऊ कला व नृत्य रचा-बसा हुआ है. छऊ से हमारी पहचान सिर्फ देश स्तर तक ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी है. उन्होंने छऊ कला को विश्व पटल पर पहचान दिलाने वाले कलाकारों के प्रति आभार प्रकट करते कहा कि इस कला को और अधिक प्रोत्साहित करने के लिए सरकार के साथ जिला प्रशासन भी प्रयत्नशील हैं. इससे पूर्व मंत्री अमर बाउरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया गया. महोत्सव के पहले दिन राजकीय छऊ कला केंद्र के कलाकारों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की गयी. इसके बाद कलाकारों ने सरायकेला शैली के छऊ महिषासुर मर्दिनी नृत्य प्रस्तुत किया. स्वागत भाषण उपायुक्त सह राजकीय छऊ कला केंद्र के अध्यक्ष छवि रंजन ने दिया. मौके पर एसपी चंदन कुमार सिन्हा, डीडीसी आकांक्षा रंजन, एडीसी केवी पांडे, डीटीओ दिनेश रंजन, डीआरडीए निदेशक अनिता सहाय, एसडीओ संदीप दूबे, केंद्र के निदेशक तपन पटनायक समेत कई अन्य उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन राजश्री प्रसाद ने किया.
मंत्री को भेंट किया गया स्मृति चिह्न :
समारोह में जिला प्रशासन की ओर से डीसी छवि रंजन ने मंत्री अमर बाउरी को स्मृति चिह्न भेंट किया. राजकीय छऊ महोत्सव के उद्घाटन समारोह का यादगार लम्हों को हमेशा याद बनाये रखने के लिए स्मृति चिह्न के साथ शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया.
पद्मश्री कलाकारों को किया गया सम्मानित
छऊ कला व नृत्य को विश्व पटल पर पहचान दिलाने में अहम योगदान देने वाले पद्मश्री कलाकारों को मंत्री अमर बाउरी द्वारा सम्मानित किया गया. छऊ के छह कलाकरों को पद्मश्री जैसे विशिष्ट सम्मान मिल चुका है. मंच पर छऊ के पद्मश्री मंगलाचरण पति, पद्मश्री गोपाल प्रसाद दुबे को मंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >