खरसावां/बड़ाबाम्बो : खरसावां-चाईबासा मुख्य सड़क पर खुंटपानी प्रखंड के तुरामबासा गांव के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गयी जिससे उस पर सवार दो लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य घायल हैं. घटना तब हुई जब एक ही बाइक पर चार लोग सवार होकर खुंटपानी के केयाड़चालोम से भोया की ओर जा रहे थे.
मृतकों की पहचान केयाड़चालोम गांव के कोचे हाईबुरू व सरायकेला नपीडीह के दीपक हेम्ब्रम के रूप में की गयी है. जबकि घायलों में पहचान केयाड़चालोम गांव के कड़िया गोप व टोने हाइबुरू शामिल हैं. टोने हाइबुरु को घायल अवस्था में चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है,
जबकि कड़िया गोप को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है. बाइक हीरो सीडी डीलक्स (जे एच 22बी 6153) क्षतिग्रस्त हो गयी है.
तुरामबासा के पास जिस जगह बाइक दुर्घटनाग्रस्त हुई वहां पुलिया बन रही है. उबड़-खाबड़ जगह होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गयी. घटनास्थल पर ही दोनों युवकों की मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही पान्ड्राशाली ओपी प्रभारी नितिन कुमार सिंह पहुंचे. पुलिस ने शवों को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं घायल टोने हाइबुरू को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.
इनसेट
भोया की ओर जा रहे थे, उबड़-खाबड़ सड़क पर अनियंत्रित हो गयी बाइक
घायलों में एक का इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में जारी, दूसरे की उपचार के बाद छुट्टी
सड़क काट दिया, पर नहीं लगाया बोर्ड
ग्रामीणों ने बताया कि आर के एस द्वारा सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है. तुरामबासा के पास पुलिया निर्माण के लिए सड़क को काट दिया है. लेकिन कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है. इसके कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है.
