आरडीडीइ ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दिये निर्देश
राशि निकाल कर भवन नहीं बनानेवालों पर करें एफआइआर
एक सप्ताह में पारा शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की करें जांच
सरायकेला : कोल्हान के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक विजय अरुण विलुंग ने सोमवार को सरायकेला सामुदायिक भवन में जिला शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों एवं परियोजना कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की.
आरडीडीई ने बच्चों का आधार सीडिंग, बैंक में खाता खुलवाने, शून्य ड्रॉपआउट, पारा शिक्षकों के प्रमाण पत्र सत्यापन, आरटीई के तहत निजी विद्यालों में 25 प्रतिशत बीपीएल बच्चों के नामांकन, विद्यालय प्रबंधन समिति की बेठक में मुखिया की भागीदारी, प्रशिक्षण, विद्यालय में बेंच-डेस्क क्रय, रात्रि शिक्षा आखड़ा, कीट वितरण, पंख पत्रिका एवं अग्रिम समायोजन की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की समीक्षा की. समीक्षा बैठक में श्री विलुंग ने कहा कि कार्य में लापरवाही नहीं चलेगी. उन्होंने पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए परियोजना से संबंधित सभी कार्यक्रमों का अनुश्रवण करने तथा विभाग द्वारा प्रदत्त लक्ष्यों को समयावधि में पूर्ण करने का निर्देश दिया.
उन्होंने असैनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए राशि की निकासी कर विद्यालय भवन का निर्माण नहीं करानेवालों पर एफआइआर दर्ज कराने का भी निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भवन निर्माण कार्य में शिथिलता बरतनेवालों के विरुद्ध कार्रवाई होगी. उन्होंने सरायकेला एवं कुचाई में कस्तूरबा विद्यालय भवन का निर्माण कार्य लंबित होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया. उन्होंने एक सप्ताह के अंदर पारा शिक्षकों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन जिला स्तर से करने का
निर्देश दिया. बच्चों के आधार सीडिंग एवं बैंक खाता खुलवाने की उपलब्धि की प्रखंडवार समीक्षा करते हुए उन्होंने तीन दिनों के अंदर शत प्रतिशत बच्चों का अधार सीडिंग के साथ बैंक खाता खुलवाने को कहा. बैठक में जिला शिक्षा अधीक्षक फूलमनी खलको, जिला लेखापाल नाजिर अहमद तथा सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी, लेखापाल, बीआरपी व सीआरपी आदि
उपस्थित थे.
