खरसावां में पदक विजेता कराटेकारों का स्वागत, बीडीओ ने कहा
खरसावां : झारखंड स्टेट कराटे एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस्ट जोन कराटे चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले कराटेकारों का खरसावां पहुंचने पर स्वागत किया गया. प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में खरसावां बीडीओ दयानंद प्रसाद जायसवाल ने सभी विजेताओं का माला पहना कर स्वागत किया तथा मेडल व प्रमाण पत्र दिया. जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोट् र्स कॉम्पलेक्स में संपन्न हुए इस प्रतियोगिता में दस खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. इसमें अलग अलग स्पर्द्धाओं में मानकी मुंडा को स्वर्ण पदक, विशाल बांकिरा, शशि करवा व देवराज दमाई को रजत पदक, शिव सोरेन व लंकेश्वर मुंडारी को कांस्य पदक मिला है.
इस अवसर पर बीडीओ दयानंद प्रसाद जायसवाल ने कहा कि खेल के क्षेत्र में खरसावां की माटी काफी उर्वरा है. उन्होंने कहा कि यहां के खेल प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रौशन किया है. कराटे प्रशिक्षक गौस खान ने बताया कि यहां के खिलाड़ियों में काफी क्षमता है, उन्हें मंच देने की आवश्यकता है. जेएसएस दयानंद प्रसाद ने कहा कि खिलाड़ी लक्ष्य निर्धारित कर खेंले. इस दौरान कराटे खिलाड़ियों ने डेमोस्ट्रेशन भी दिया. मौके पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.
