सरायकेला. चलते वाहन का चक्का खुला, हांसदा गांव के समीप घटी घटना
घायल सभी मजदूर साहेबगंज गांव के निवासी
सभी घायलों का सदर अस्पताल में चल रहा है इलाज
सरायकेला/ खरसावां : सरायकेला खरसावां सड़क पर हांसदा गांव के समीप ईंटा लदा पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार तीन मजदूर घायल हो गये. घटना गुरुवार की दोपहर लगभग तीन बजे के आसपास घटी. घायलों में शामिल मजदूर लक्ष्मण बारी, गुरूवा बारी व गांधी बारी तीनों साहेबगंज गांव के निवासी हैं.
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पिकअप वैन सरायकेला से खरसावां की ओर जा रही थी. जैसे ही हांसदा गांव के समीप पहुंची कि वाहन का एक चक्का खुल गया. जिससे वाहन पलट गयी. इस दुर्घटना में तीन मजदूर घायल हो गये. घटना के पश्चात तीनों मजदूरों को इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना के पश्चात चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया.
