नववर्ष पर साहिबगंज के पिकनिक स्थलों पर उमड़ी सैलानियों की भारी भीड़

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परिवारों और युवाओं ने शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जश्न

साहिबगंज

नववर्ष के अवसर पर साहिबगंज शहर एवं आसपास के इलाकों में स्थित पिकनिक स्थलों पर नये साल का जश्न मनाने वाले सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिली. लोगों ने अपने परिवारजनों एवं मित्रों के साथ पिकनिक का भरपूर आनंद लिया. शहर के गंगा विहार पार्क, मूक-बधिर विद्यालय के निकट मैदान, छोटी झरना, बड़ी झरना, स्टेडियम के पीछे का क्षेत्र, करम पहाड़ स्थित ग्वाला रेस्टोरेंट, जिलैबिया घाटी के पिकनिक स्थल तथा दुर्गा टोली तक दिनभर लोगों की चहल-पहल बनी रही. परिवारों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट पकवान तैयार किए और प्राकृतिक वातावरण में भोजन का आनंद लिया. बच्चे खेलकूद में व्यस्त नजर आये, जबकि युवाओं की टोलियां डीजे की धुन पर झूमती दिखीं. गीत-संगीत के साथ सभी ने उत्साहपूर्वक नववर्ष का स्वागत किया. वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ विजय कुमार कुशवाहा, सदर सीओ बास्कीनाथ टुडू तथा नगर एवं जिरवाबाड़ी थाना की पुलिस बल द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. गंगा विहार पार्क के सामने मुख्य सड़क सहित मूक-बधिर विद्यालय के निकट, स्टेडियम रोड, जेल रोड, घाटी क्षेत्र, लोहड़ा रोड, काटरगंज मोड़ सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. पुलिसकर्मी संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे तथा तेज गति से मोटरसाइकिल चलाने वाले युवकों को समझा-बुझाकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रहे थे. देर शाम तक किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आयी. शांतिपूर्ण माहौल में लोगों ने पूरे उत्साह और उल्लास के साथ नववर्ष का जश्न मनाया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >