, साहिबगंज
संत जेवियर्स स्कूल, साहिबगंज में आयोजित सात दिवसीय विशेष समर कैंप प्रिंट की जादुई दुनिया का तीसरा दिन बुधवार को बच्चों के लिए यादगार बन गया. कैंप में बच्चों ने प्रिंटमेकिंग की बारीकियों को सीखते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रसिद्ध चित्रकार अमृत प्रकाश ने बताया कि बच्चों को लिनो कट पर चित्र बनाना सिखाया गया. इसके बाद उन्होंने धैर्य और सावधानी के साथ कटिंग कर अपने प्रिंट को जीवंत रूप दिया. इस प्रक्रिया ने बच्चों की कलात्मक क्षमता को निखारने के साथ-साथ उनकी आत्म-अभिव्यक्ति की शक्ति को भी मजबूत किया. कार्यशाला के दौरान बच्चों ने रंगों, पैटर्न और कल्पनाशीलता के माध्यम से अपनी अलग पहचान प्रस्तुत की. सामूहिक सहभागिता से पूरे कैंप में सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा, जिससे बच्चों को अपने भीतर छिपे कलाकार को पहचानने का अवसर मिला. साहिबगंज ओल्ड जुवेनियन एसोसिएशन (सोक्सा) द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में बच्चों ने प्रकृति और कला का अनूठा संगम प्रस्तुत किया. मौके पर सोक्सा के अध्यक्ष सह संत जेवियर्स स्कूल के प्राचार्य फादर अरुल गौस, रिएक्टर प्रिंसिपल फादर बीएम जोस, सोक्सा के सचिव डॉ. सुमित कुमार, सदस्य संतोष चौधरी एवं सुधीर कुमार उपस्थित थे. चित्रकार अमृत प्रकाश ने कहा कि इस पहल से जुड़ना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है. उन्होंने बताया कि कैंप को सफल बनाने में कटिहार से प्रिंट मेकर निम्मी सिन्हा, पटना से शिखा कुमारी देवांग तथा पश्चिम बंगाल के बोलपुर शांतिनिकेतन से कलाकार सुहाग बैरागी, नारायण सिंह, अमन कुमार, अरिंदम चक्रवर्ती और स्नेह शंकर सहित अन्य कलाकारों का महत्वपूर्ण सहयोग मिला.
