भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के तहत साहिबगंज कॉलेज पहुंचे छात्र नेता
साहिबगंज से सोनू ठाकुर की रिपोर्ट
साहिबगंज : झारखंड के छात्र नेता और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता देवेंद्र नाथ महतो भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के तहत रविवार को साहिबगंज कॉलेज पहुंचे. यहां छात्र-छात्राओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. उन्होंने छात्रों के साथ परीक्षा में हुई धांधली को लेकर भ्रमण किया और छात्रों को जागरूक किया.
‘साहिबगंज की वीर भूमि पर आना सौभाग्य’
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि साहिबगंज की पावन धरती और वीर भूमि पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने कहा कि 26 साल के झारखंड के इतिहास में सरकार किसी की भी हो, जो भी परीक्षाएं हुई हैं, सभी में धांधली हुई है. उनके अनुसार, परीक्षा के आधार पर नौकरी बेची गयी है और भ्रष्टाचार चरम पर है.
परीक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
उन्होंने कहा कि जेपीएससी हो या जेएसएससी, सभी परीक्षाओं में अभय तिवारी जैसे लोगों द्वारा रेट चार्ट लगाए जाने की बात सामने आती है. उन्होंने युवाओं से कहा कि नौकरी के लिए पढ़ाई-लिखाई के बजाय ऐसे लोगों के संपर्क में आने की स्थिति बन गयी है. उन्होंने दावा किया कि सभी पदों के लिए रेट निर्धारित है.
‘24 जिला, 24 संकल्प, एक आवाज’ के साथ निकली यात्रा
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह युवाओं और छात्राओं की आवाज है. इस यात्रा की शुरुआत 24 अगस्त 2026 को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव से की गयी है. यात्रा का मुख्य उद्देश्य जेपीएससी और जेएसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था में पारदर्शिता लाना, पेपर लीक को रोकना, भ्रष्टाचार को खत्म करना और छात्रों को न्याय दिलाना है.
रांची में बड़ी जनसभा के साथ होगा समापन
उन्होंने कहा कि यह यात्रा ‘24 जिला, 24 संकल्प, एक आवाज’ के नारे के साथ झारखंड के सभी 24 जिलों से होकर गुजरेगी और इसका समापन रांची में एक बड़ी जनसभा के साथ होगा. यह आंदोलन राज्य के उन हजारों युवाओं और छात्रों की आवाज उठाने के लिए किया जा रहा है, जो सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ी से परेशान हैं. इस मौके पर अन्य कई सहयोगी मौजूद थे.
