प्रतिनिधि, उधवा : राधानगर थाना क्षेत्र के आलम पेट्रोल पंप के निकट तालबन्ना गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और जबरन निर्माण कराने का मामला सामने आया है. इब्राहिम शेख ने राधानगर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में बताया कि वर्ष 2025 में उधवा अंचल के तलबन्ना मौजा में 15 धुर जमीन खरीदी थी. उक्त जमीन खरीदने के लिए विक्रेता को सात लाख रुपये का भुगतान किया था. न्यायालय में दस्तावेज का निष्पादन होने के बाद उन्होंने जमीन पर कब्जा प्राप्त किया था.
निर्माण का विरोध करने पर मारपीट का आरोप
आरोप है कि कुछ लोग उक्त जमीन पर जबरन पक्का निर्माण कराने का प्रयास कर रहे थे. निर्माण की जानकारी मिलने पर वह सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध किया. इस पर रेहसान शेख समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की तथा गला दबाकर और जमीन पर पटककर जान से मारने का प्रयास किया. साथ ही जमीन खाली करने के एवज में अतिरिक्त 10 लाख रुपये देने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है. राधानगर थाना की सब इंस्पेक्टर गुलनाज बेगम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और निर्माण कार्य को बंद कराया. राधानगर पुलिस फिलहाल छानबीन कर रही है.
