मछली पकड़ने से रोका तो भड़के ग्रामीण, पतौड़ा झील कार्यालय में तोड़फोड़

उधवा पक्षी अभ्यारण्य के पतौड़ा झील क्षेत्र में मछली पकड़ने को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. वनकर्मियों और ग्रामीणों के बीच हुई इस घटना में सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है और कई लोग घायल हुए हैं.

प्रतिनिधि, उधवा: राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा पक्षी अभ्यारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र पतौड़ा झील में गुरुवार की सुबह कथित रूप से मछली पकड़ने को लेकर विवाद बढ़ गया. देखते ही देखते मामला झड़प और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तक पहुंच गया.

घटना में वनरक्षी अखिलेश मरांडी समेत वन विभाग के कई कर्मियों और दूसरी ओर कई लोगों के घायल होने की सूचना है. मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया.

मछली पकड़ने से रोकने पर बढ़ा विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह बागपिंजरा गांव के दो युवक नाव के सहारे प्रतिबंधित पतौड़ा झील क्षेत्र में कथित रूप से मछली पकड़ रहे थे.

इसी दौरान झील में पदस्थापित वनरक्षी अखिलेश मरांडी समेत अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे और युवकों को मछली पकड़ने से मना किया. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. इसके बाद दोनों युवकों को पतौड़ा झील कार्यालय लाया गया.

दर्जनों ग्रामीण कार्यालय पहुंचे, फिर बिगड़े हालात

दोनों युवकों को कार्यालय लाये जाने की सूचना मिलने के बाद बागपिंजरा गांव के दर्जनों लोग वहां पहुंच गये. देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गयी.

आरोप है कि इसी दौरान सरकारी कार्यालय में तोड़फोड़ की गयी. खिड़की, शीशे, कुर्सी-टेबल और कार के शीशे को नुकसान पहुंचाया गया. दोनों पक्षों की झड़प में सरकारी संपत्ति को करीब एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है.

घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी.

कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

मामले की सूचना मिलते ही राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, एसआई गुलनाज खातून समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा.

पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को शांत कराया गया और मौके पर हालात नियंत्रण में आये. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

युवक ने लगाया मारपीट का आरोप

मामले में शामिल युवक सलीम शेख ने आरोप लगाया कि वनरक्षी अखिलेश मरांडी ने उसे बताया था कि बाढ़ के कारण झील का पानी बढ़ा हुआ है, इसलिए झील क्षेत्र से बाहर मछली पकड़ी जा सकती है.

सलीम शेख के अनुसार वह झील क्षेत्र से बाहर रैयती जमीन की ओर मछली पकड़ रहा था. इसी दौरान वन विभाग के कर्मियों ने उसके साथ कथित रूप से मारपीट की.

हालांकि युवक द्वारा लगाये गये आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. मामले में वन विभाग का विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है.

दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना

घटना के दौरान वनरक्षी अखिलेश मरांडी समेत वन विभाग के करीब पांच लोगों के घायल होने की सूचना है. वहीं दूसरी ओर कई अन्य लोगों के भी घायल होने की बात सामने आयी है.

घायल वनकर्मियों को इलाज के लिए भेजा गया है. समाचार लिखे जाने तक पतौड़ा झील क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बतायी जा रही थी.

क्या कहते हैं RFO

RFO पंचम दुबे ने बताया कि घायल कर्मियों को इलाज के लिए भेजा गया है. मामले की जानकारी ली जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि फिलहाल मामला नियंत्रण में है. घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस अब झड़प के कारणों, सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान और दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीप सिंह

दीप सिंह , 25 मार्च 2010 से प्रभात खबर से जुड़े हैं। रिपोर्टर के रूप में प्रभात खबर में कार्य शुरू किए। 2015 में राजमहल कार्यालय का मॉडेम प्रभारी बनाया गया। कई महत्वपूर्ण एक्सक्लूसिव, पड़ताल और जन समस्या की खबर पर बेहतर कार्य करने का मौका मिला। बीच के अंतराल में वर्ष 2018 से 5 अगस्त 2023 तक दैनिक हिंदुस्तान अखबार में राजमहल से कार्य किए। पुनः 12 अगस्त 2023 से अबतक वर्तमान में राजमहल मॉडेम कार्यालय के प्रभारी के रूप में कार्य कर रहा हूं। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक दोनों ही प्लेटफार्म पर बेहतर कार्य करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >