प्रतिनिधि, तालझारी.तालझारी क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर से रुक-रुक कर हो रही झमाझम बारिश के कारण जहां मौसम ठंडा हो गया है, वहीं बेलदारचक पूर्वी टोला गांव के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है. बारिश के दौरान गांव में लगा 63 केवी का ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से करीब 15 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई. बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीणों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी.
बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर से आई तेज आवाज
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की सुबह झमाझम बारिश के दौरान अचानक ट्रांसफार्मर से तेज आवाज सुनाई दी. इसके कुछ देर बाद जब बिजली आपूर्ति बहाल हुई, तो उक्त ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई नहीं हो रही थी.
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी तत्काल बिजली विभाग के लाइन मिस्त्री को दे दी गई है. इसके बावजूद अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है.
यह भी पढ़ें:
फरक्का में एक फीट धंसा रेलवे ट्रैक, कई ट्रेनें प्रभावित: स्टेशनों पर बढ़ी यात्रियों की भीड़
15 घरों में बिजली आपूर्ति प्रभावित
बताया गया कि बेलदारचक पूर्वी टोला में लगे 63 केवी के इस ट्रांसफार्मर से गांव के करीब 15 घरों में बिजली की आपूर्ति होती है. ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद इन घरों में बिजली संकट उत्पन्न हो गया है.
बारिश के मौसम में बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है. घरों के साथ-साथ गलियों में भी अंधेरा छाया रहने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है.
सांप-बिच्छू का भी बना खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में घरों और गलियों में सांप समेत अन्य जहरीले जीव निकलने का खतरा रहता है. ऐसे में रात के समय बिजली नहीं रहने से लोगों में भय बना हुआ है.
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से खराब ट्रांसफार्मर की जल्द से जल्द मरम्मत या बदलने की मांग की है, ताकि बारिश के इस मौसम में लोगों को अंधेरे में रहने की परेशानी से निजात मिल सके.
