साहिबगंज
रेलवे स्टेशन से मालगोदाम की ओर जाने वाले रेलवे साइडिंग क्षेत्र में इन दिनों रेलवे द्वारा ट्रैक बिछाने का कार्य कराया जा रहा है. हालांकि कार्य की धीमी गति के कारण आसपास स्थित रेलवे क्वार्टरों में रहने वाले कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माण स्थल पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गयी हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग एक माह से कार्य चल रहा है, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है. स्थानीय निवासियों ने बताया कि बारिश होने पर रास्ते में कीचड़ और पानी भर जाने से दोपहिया वाहनों के परिचालन में काफी परेशानी होती है. साथ ही सामान ढोने और दैनिक आवागमन में भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. बताया गया कि मालगोदाम तक पहुंच को सुगम बनाने के उद्देश्य से रेलवे ट्रैक और प्लेटफॉर्म का निर्माण कराया जा रहा है. इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक गुड्डू साह ने बताया कि रेलवे साइडिंग में निर्माण कार्य जारी है. लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए कार्य में तेजी लायी जा रही है, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा किया जा सके.
