साहिबगंज
सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गुरुवार को मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली. मुस्लिम समुदाय के पर्व के कारण ओपीडी सेवा बंद रहने से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए इमरजेंसी वार्ड पहुंचे. इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक डॉ. केशव कृष्णा ने बताया कि दोपहर तीन बजे तक डेढ़ सौ से अधिक मरीजों का इलाज किया गया. वहीं अस्पताल कर्मियों के अनुसार आधा दर्जन से अधिक गंभीर मरीजों को भर्ती किया गया है. डॉ. केशव कृष्णा ने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार धूप और बारिश के बदलते मौसम के कारण मरीजों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है. अस्पताल में पहुंचे अधिकांश मरीज फूड पॉइजनिंग की समस्या से पीड़ित पाये गये. उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों को सदर अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है, जबकि सामान्य मरीजों का प्राथमिक उपचार कर दवा उपलब्ध कराने के बाद उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी गयी है. ओपीडी बंद रहने के कारण इमरजेंसी वार्ड पर अतिरिक्त दबाव बना रहा. मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ के चलते अस्पताल परिसर में काफी व्यस्तता का माहौल देखा गया.
