साहिबगंज. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जयंतीग्राम में 11 सितंबर की रात हुई गोलीकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता पायी है. पुलिस ने आरोपी बिट्टू कुमार यादव उर्फ अहिरा यादव को रांची के मोराबादी क्षेत्र स्थित मकान से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशोर तिर्की ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना का मुख्य कारण जमीन विवाद था. आरोपी पीड़ित राजकुमार यादव से 10 कट्ठा जमीन जबरन खरीदना चाहता था, लेकिन असफल होने पर हत्या को अंजाम दिया. हत्या की रात बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आरोपी ने देसी कट्टे से गोली मार दी, जिससे राजकुमार की मौके पर मौत हो गयी. एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है, उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल देसी कट्टा भी बरामद हुआ. हत्या के बाद बिट्टू यादव ने हथियार को घर के नजदीक बने बथान के पास झाड़ियों में छुपा दिया और रांची भाग गया. पुलिस ने तकनीकी जांच से उसका लोकेशन ट्रेस किया. तत्परता दिखाते हुए टीम रांची पहुंची, जहां फिल्मी अंदाज में उसे दबोच लिया गया. छापामारी दल में नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, मुफस्सिल थाना प्रभारी अनिश पांडे, एसआइ विक्रम कुमार, ददन कुमार, एएसआइ उमाकांत ओझा, केशव मालाकार, मनोज कुमार आजाद, बिरेंद्र कुमार यादव, अभ्यास कुमार तथा जवान सुदर्शन महतो व सरजू मुर्मू शामिल थे. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की आगे की जांच तेजी से पूरी की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
