मंडरो. मिर्जाचौकी चार नंबर रोड स्थित शिव मंदिर के पास बीती शाम सड़क दुर्घटना में बिहार के पटना जिले के पंडारक गांव निवासी 50 वर्षीय धर्मेंद्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के भाई मनीष कुमार के बयान पर वाहन संख्या BR-10GD-7814 के चालक के विरुद्ध मिर्जाचौकी थाना कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया. प्रभारी थाना प्रभारी प्रवीण प्रभाकर ने मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर विक्रम बाउरी को सौंपी है. जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र यादव ट्रक चालक थे और स्टोन चिप्स लोड करने के लिए मिर्जाचौकी चार नंबर स्थित एक क्रशर मशीन के पास आए थे. ट्रक खड़ा कर वह शिव मंदिर के समीप एक दुकान से सामान खरीदने गए थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद वाहन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वाहन को जब्त किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. मृतक की पहचान उसके सह चालक ने की. पुलिस ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया. घटना की सूचना मिलने पर परिजन थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें आवश्यक जानकारी देकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया.
तेज रफ़्तार वाहन की चपेट में आने से बिहार निवासी ट्रक चालक की मौत
वाहन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया

साहिबगंज (फाइल फोटो)