मां की मौत की खबर सुन घर लौट रहा था बेटा, ट्रेन से गिरकर मौत

माँ की मौत की खबर सुनकर घर लौट रहे बेटे की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा. पढ़ें पूरी दर्दनाक कहानी.

फरक्का : मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत निमतीता शेखपुरा गांव में शुक्रवार की सुबह दर्दनाक घटना सामने आयी. अस्पताल में भर्ती मां की मौत की खबर के बाद उनका शव घर लाने और अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए जा रहे बेटे की ट्रेन से गिरकर मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.

इलाज के दौरान मां ने तोड़ा दम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेखपुरा गांव निवासी 60 वर्षीय सेलिना बीबी की गुरुवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गयी थी. परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए जंगीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान रात करीब एक बजे डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मां का शव लाने स्टेशन पहुंचा था बेटा

मां की मौत की खबर मिलने के बाद शुक्रवार की सुबह उनका शव अस्पताल से घर लाने के लिए 30 वर्षीय बेटा अहसान अली निमतीता रेलवे स्टेशन पहुंचा. बताया जाता है कि सुबह की ट्रेन में सवार होने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

आसपास मौजूद लोगों और रेलवे पुलिस की मदद से अहसान अली को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

‘घर आने की बात कही थी, फिर मिली मौत की खबर’

अहसान के भाई बैदुल अली ने बताया कि वह मां के पास ही था. अहसान ने सुबह घर आने की बात कही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद दूसरे मोबाइल फोन से उसकी मौत की खबर मिली.

मां के बाद बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इधर, पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जंगीपुर अस्पताल भेज दिया है. मां की मौत के बाद बेटे की भी इस तरह दर्दनाक मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bikash jaswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >