राजमहल
शहर के नया बाजार मोड़ के पास संचालित हयात पॉलीक्लिनिक में चार अक्तूबर को प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के 11 दिनों बाद गुरुवार देर शाम जिलास्तरीय चार सदस्यीय जांच टीम ने निजी नर्सिंग होम का निरीक्षण किया. टीम में महिला चिकित्सक डॉ किरणमाला, डॉ रंजन कुमार, डॉ पंकज कुमार कर्मकार और डॉ पंकज राय शामिल थे. जांच के दौरान पॉलीक्लिनिक में सरकारी नियमों का अनुपालन, सर्जरी व मरीजों के इलाज की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी. जांच टीम ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर वरीय पदाधिकारी को सौंप दी जायेगी. विदित हो कि छापेमारी के समय नर्सिंग होम में कोई डॉक्टर या नर्स मौजूद नहीं थे, जबकि तीन मरीज भर्ती थे. मरीजों को तत्काल राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में शिफ्ट किया गया. इस दौरान साहिबगंज सिविल सर्जन ने महिला मरीजों की देखभाल के लिए डॉ किरणमाला को ड्यूटी पर लगाया. जांच के दौरान यह भी पता चला कि सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ सलखू चंद्र हांसदा और महिला चिकित्सक डॉ भारती पुष्पम अवैध क्लिनिक में सेवा दे रहे थे. राजमहल अंचल अधिकारी मोहम्मद यूसुफ, उपाधीक्षक डॉ उदय टुडू और थाना के एसआइ ओमप्रकाश चौहान भी मौके पर उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
