प्रतिनिधि, राजमहल : राजमहल उपकारा में सोमवार को हत्या के मामले में बंद एक विचाराधीन बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गयी. मृतक की पहचान सुनील बासकी (35 वर्ष), पिता स्व. नटवा बासकी, निवासी शाल्टीपोखर, मोहनपुर पंचायत, थाना राधानगर के रूप में हुई है. वह राधानगर थाना कांड संख्या 265/25 के तहत हत्या के मामले में उपकारा में बंद था.
चाचा की हत्या का था आरोप
जानकारी के अनुसार, सुनील बास्की पर अपने चाचा सुलेमान बासकी (60 वर्ष) की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप था. वह 14 जुलाई 2025 से राजमहल उपकारा में बंद था.
मिर्गी का दौरा पड़ने से बिगड़ी हालत
बताया जाता है कि सुनील को पहले से मिर्गी की बीमारी थी. सोमवार को खाना खाने के बाद वह उपकारा में सो रहा था. इसी दौरान अचानक उसे मिर्गी का दौरा पड़ा और वह बेहोश हो गया. उसकी हालत बिगड़ती देख जेल कर्मियों ने तत्काल उसे राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया.
चिकित्सक ने किया मृत घोषित
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. सादिक अंसारी ने उसकी जांच की. जांच के बाद चिकित्सक ने सुनील बासकी को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. बंदी की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
इलाज चलने की दी जानकारी
उपकाराधीक्षक विमल सोरेन ने बताया कि सुनील बासकी पहले से मिर्गी रोग से ग्रसित था और उसका इलाज किया जा रहा था. वह खाना खाने के बाद सोने गया था. काफी देर तक नहीं उठने पर उसे राजमहल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.
