राजमहल में बनेगा 140 दुकानों का आधुनिक मार्केट

राजमहल नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में डीपीआर तैयार करने का प्रस्ताव

राजमहल.

नगर पंचायत राजमहल पंचायत बोर्ड की बैठक बुधवार को हुई. बैठक में नगर क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचना को मजबूत करने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. अध्यक्षता नपं अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख ने की. बैठक का संचालन नपं उपाध्यक्ष मो मारूफ उर्फ गुड्डू एवं कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने किया. कई अहम प्रस्तावों को स्वीकृति देते हुए राजमहल के नगर विकास को नयी दिशा देने का संकल्प लिया गया. बैठक में सर्वप्रथम नगर क्षेत्र के शैक्षणिक एवं बौद्धिक माहौल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामधारी सिंह दिनकर पुस्तकालय के विकास एवं जीर्णोद्धार कार्य कराने का निर्णय लिया गया. इससे विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं एवं पाठकों को लाभ मिलने की उम्मीद है. नगर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम के रखरखाव एवं संचालन में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया. व्यापारिक गतिविधियों को विस्तार देने के उद्देश्य से नगर क्षेत्र के मुख्य बाजार में 140 दुकानों वाले आधुनिक मार्केट के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया. इस योजना के धरातल पर उतरने से स्थानीय व्यापारियों को सुविधाजनक स्थान मिलेगा तथा नगर पंचायत की आय में भी वृद्धि होने की संभावना है. बैठक में नगर पंचायत के मानदेय कर्मियों की सेवा अवधि विस्तार पर भी सहमति प्रदान की गयी. स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली पर विशेष चर्चा की गयी. परिषद ने डीपीआर के अनुसार आवश्यक वाहन अथवा मैनुअल रिक्शा उपलब्ध कराने पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया. इसके अलावा बैठक में सभी वार्डों में सुचारू जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. जहां आवश्यकता होगी वहां जलमीनार निर्माण कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया. मौके पर सभी वार्ड पार्षद अनिता बसाक, सन्नी कुमार, गीता बर्मन, उज्जवल हलदार, जोली राय, कफीरन बीबी, राजू सरकार, रिंकी कुमारी, जुबेदा बीबी, बरकत शेख, अमीर कुमार मंडल, सोहरफुल बीबी, प्रधान सहायक दिनेश मंडल सहित अन्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ABDHESH SINGH

ABDHESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >