साहिबगंज कॉलेज का शानदार प्रदर्शन, पूर्व गणतंत्र दिवस परेड में 8 NSS स्वयंसेवक चयनित

सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के दिग्घी परिसर में आयोजित चयन प्रक्रिया में साहिबगंज महाविद्यालय के 8 NSS स्वयंसेवकों ने शानदार सफलता हासिल की है. ये युवा अब हजारीबाग में अगले चरण में हिस्सा लेंगे.

सुनील ठाकुर,साहिबगंज: सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (SKMU) दुमका के दिग्घी परिसर में आयोजित पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर 2027 की चयन प्रक्रिया में साहिबगंज महाविद्यालय के सभी 8 राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवकों ने शानदार सफलता हासिल की है.

राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया में शानदार प्रदर्शन

साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह के दिशा-निर्देश और एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कुमार प्रशांत भारती के नेतृत्व में 8 सदस्यीय स्वयंसेवकों का दल 3 सितंबर 2026 को दुमका के दिग्घी परिसर पहुंचा था. इस दल ने राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया के विभिन्न कड़े पड़ावों को सफलतापूर्वक पार करते हुए अंतिम रूप से चयन सूची में अपना स्थान पक्का किया है. अब ये सभी चयनित स्वयंसेवक आगामी 7 सितंबर 2026 को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग में आयोजित होने वाले पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर 2027 के अगले चरण में हिस्सा लेकर अपना दावा प्रस्तुत करेंगे.

महाविद्यालय में हुआ भव्य स्वागत और सम्मान

चयन के उपरांत साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में एक विशेष सम्मान एवं स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने सभी सफल स्वयंसेवकों को माला पहनाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को बहुमूल्य सुझाव दिए ताकि उनका चयन न केवल पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर के लिए हो, बल्कि आगामी 26 जनवरी 2027 को देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड में भी वे महाविद्यालय और राज्य का नाम रोशन कर सकें.

इस अवसर पर प्राचार्य ने एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों और महाविद्यालय के एनसीसी केयर टेकर श्री शंकर को आवश्यक तैयारियों को लेकर विशेष निर्देश दिए. कार्यक्रम के दौरान सभी स्वयंसेवकों ने प्राचार्य के समक्ष चयन प्रक्रिया से जुड़े अपने रोमांचक अनुभव भी साझा किए. इस गरिमापूर्ण माहौल में बीएड विभाग के प्राध्यापक नितिन कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.

चयनित स्वयंसेवकों की सूची

सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के अंतर्गत राज्य स्तर पर चयनित होने वाले साहिबगंज महाविद्यालय के 8 प्रतिभाशाली स्वयंसेवकों के नाम इस प्रकार हैं:

  • पायल प्रिया (यूजी सेमेस्टर 1)
  • शालू कुमारी (यूजी सेमेस्टर 5)
  • अभिषेक कुमार मोदी (बीएड सेमेस्टर 2)
  • रोहित कुमार (बीएड सेमेस्टर 2)
  • प्रमोद मुर्मू (बीएड सेमेस्टर 2)
  • रितेश रंजन (पीजी सेमेस्टर 4)
  • विजेंद्र कुमार तांती (यूजी सेमेस्टर 5)
  • बासेत हेंब्रम (यूजी सेमेस्टर 5)

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील ठाकुर

साहिबगंज : सुनील ठाकुर वर्ष 1999 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने एक वर्ष तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी कार्य किया है. शिक्षा, अपराध और संताल परगना में पहाडिया जनजाति जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ रही है तथा इन मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं. कला, संस्कृति एवं साहित्य में उनकी गहरी रुचि है. वर्ष 2006 से साहिबगंज में जिला संवाददाता व ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >